कानपुर में करीब 56 फीसदी से अधिक मतदान
Sanjay Srivastava 19 Feb 2017 6:50 PM GMT

कानपुर (भाषा)। कानपुर शहर की दस विधानसभा सीटों पर आज शाम 5 बजे तक 56. 40 फीसदी मतदान हुआ। यहां 10 विधानसभा क्षेत्रों के 100 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो गया।
किदवईनगर विधासभा सीट पर कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थकों के बीच कई मतदान केंद्रों पर झड़प भी हुई। लेकिन पुलिस ने मामला संभाल लिया। किदवईनगर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस सीट पर कांग्रेस के वर्तमान विधायक अजय कपूर और भाजपा उम्मीदवार महेश त्रिवेदी के बीच जबरदस्त मुकाबला है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार आज सुबह इतनी धीमी गति से मतदान हुआ था कि पहले दो घंटों में केवल 7. 71 मतदाताओं ने ही वोट डाला था लेकिन बाद में मतदान तेज हुआ और दोपहर 11 बजे तक 20. 68 प्रतिशत मतदान हुआ। कई मतदान केंद्रों पर लोगों ने मतदाता सूची में नाम न होने की बात कही।
शहर के कई मतदाता केंद्रों को बहुत खूबसूरती से सजाया गया था और कई जगह बुजुर्ग और विकलांग मतदाताओं को उनके घर से लाने के लिये प्रशासन ने वाहनों का इंतजाम किया।
कानपुर शहर और ग्रामीण की दस विधानसभा सीटों के लिए आज हो रहे मतदान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए है। जिले में इस बार दस सीटों पर 100 प्रत्याशी मैदान में है। इन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला शहर के करीब 33 लाख 70 हजार 113 मतदाताओं को करना था लेकिन केवल 56 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
More Stories