Bird Flu Update: महाराष्ट्र के परभणी में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि, जानिए अब तक किन-किन राज्यों में फैला बर्ड फ्लू

महाराष्ट्र और हरियाणा में पोल्ट्री में बर्ड फ्लू की पुष्टि के साथ ही अब 10 राज्यों में फैल गया है, जबकि दूसरे प्रदेशों में जांच की जा रही है।

Divendra SinghDivendra Singh   11 Jan 2021 9:52 AM GMT

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
bird flu india, bird flu, bird flu outbreak, bird flu affect on poultry, bird flu in poultry bird, bird flu update, bird flu maharastraमहाराष्ट्र के परभनी जिले में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। फोटो: पिक्साबे

हरियाणा के पंचकूला जिले में पोल्ट्री फार्म पर बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र के परभणी जिले में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। संक्रमण को रोकने के लिए यहां पर एक किमी के दायरे में करीब छह लाख मुर्गियों को मार दिया जाएगा।

महाराष्ट्र में अभी तक ठाणे, मुंबई, परभणी और बीड़ जिले में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत हुई है। पशुपालन विभाग, महाराष्ट्र के अपर आयुक्त डॉ. धनंजय परकाले गाँव से फोन पर बताते हैं, "दूसरे राज्यों में बर्ड फ्लू की बाद महाराष्ट्र में भी अलर्ट कर दिया गया है, मुंबई, ठाणे, परभणी और बीड़ में पक्षियों की मौत के बाद जांच की गई, जिसमें अभी मुंबई, ठाने और बीड़ में जंगली पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है और परभनी जिले में पोल्ट्री फार्म पर।"

डॉ परकाले आगे कहते हैं, "परभनी में पिछले दो दिनों में लगभग 800 मुर्गियों की मौत हो गई है। अब बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए पोल्ट्री फार्म के एक किमी के दायरे में लगभग छह लाख पक्षियों को मार दिया जाएगा।"

देश में 11 जनवरी 2021 तक 10 राज्यों में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि हो गई है। आईसीएआर-एनआईएचएसएडी ने राजस्थान के टोंक, करौली, भीलवाड़ा जिलों और गुजरात के वलसाड, वडोदरा और सूरत जिलों में कौवों और प्रवासी/जंगली पक्षियों की मौत होने की पुष्टि की है। इसके अलावा, उत्तराखंड के कोटद्वार और देहरादून जिलों में भी कौवों की मौत होने की पुष्टि हुई है। नई दिल्ली में कौवों और संजय झील क्षेत्रों में बत्तखों की मौत होने की भी जानकारी मिली है।

हरियाणा के पंचकूला में एक महीने में चार लाख से अधिक मुर्गियों की मौत, संक्रमण रोकने के लिए मारी फोटो: ट्वीटर

हरियाणा के पंचकुला जिले की दो पोल्ट्री फार्म से लिए गए नमूनों में एवियन इन्फ्लुएंजा के सकारात्मक होने की पुष्टि के बाद, राज्य सरकार ने 9 त्वरित कार्रवाई दलों को तैनात किया है और दोनों ही स्थानों पर नियंत्रण और निपटान अभियान चलाया जा रहा है। गुजरात के सूरत जिले तथा राजस्थान के सिरोही जिले में कौवों और दूसरे जंगली पक्षियों के नमूनों में एवियन इन्फ्लुएंजा (एच5) की पुष्टि की गई है।

इसके अलावा, कांगड़ा जिले (हिमाचल प्रदेश) से 86 कौवों और दो एर्गेट्स (बगुलों) की असामान्य मौत होने की जानकारी प्राप्त मिली थी। जंगली पक्षियों की असामान्य मृत्यु के समाचार नाहन, बिलासपुर और मंडी (हिमाचल प्रदेश) से भी प्राप्त हुए है और उनके नमूने परीक्षण के लिए निर्दिष्ट प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।

विभाग ने प्रभावित राज्यों के लिए सलाह जारी की है, ताकि इस बीमारी को और अधिकफैलने से रोका जा सके। अब तक सात राज्यों (केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश) द्वारा इस बीमारी की पुष्टि की जा चुकी है। हालांकि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के उन जंगली पक्षियों के किसी भी नमूने के सकारात्मक होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिनका परीक्षण पहले किया गया था।


केरल राज्य के दोनों प्रभावित जिलों में नियंत्रण और निपटान कार्य पूरा हो गया है और केरल में पोस्ट ऑपरेशनल सर्विलांस प्रोग्राम से जुड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

पशुपालन विभाग राजस्थान के निदेशक, बीजेंद्र सिंह ने कहा, "राजस्थान के 13 जिलों में अब 2950 पक्षियों की मौत हुई है, जिसमें से 2200 कौवें हैं, राजस्थान में अभी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की कोई जानकारी नहीं है।"

देश के प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी के लिए गठित केंद्रीय दल प्रभावित स्थलों का दौरा कर रहे हैं। केंद्रीय टीमों में से एक दल 9 जनवरी, 2021 को केरल पहुंचा और यह टीम वर्तमान में इन सभी स्थानों की निगरानी कर रही है तथा महामारी से संबंधित वैज्ञानिक जांच की जा रही है। एक अन्य केंद्रीय दल 10 जनवरी, 2021 को हिमाचल प्रदेश पंहुचा और इसने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य किया। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा गया है कि, जल स्रोतों, ज़िंदा पक्षी बाजारों, चिड़ियाघरों और पोल्ट्री फार्म्स आदि के आस-पास निगरानी बढ़ा दी जाए, शवों का उचित निपटान करने और मुर्ग़ी पालन केंद्रों में जैव सुरक्षा को मजबूत करने के उपाय किये जाएं।

बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने दिल्ली की गाजीपुर पोल्ट्री मार्केट को दस दिनों के लिए बंद कर दिया है। मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा, "ये महत्वपूर्ण है कि बर्ड फ्लू के बारे में अफवाहें न फैलाएं। यह 2006 से भारत में देखा जा रहा है। खाने से पहले इसे ठीक से पकाया जाए तो इंसानों के लिए कोई खतरा नहीं है। गाजीपुर पोल्ट्री बाजार बंद करने को लेकर मैं दिल्ली के सीएम को लिख रहा हूं।"

बर्ड फ्लू की वजह से देश भर में पोल्ट्री व्यवसाय पर असर पड़ा है, साल 2020 में कोरोना वायरस के अफवाहों के चलते पोल्ट्री किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। अब एक बार फिर पोल्ट्री व्यवसायियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्योंकि अभी दो जिलों में पोल्ट्री बर्ड में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है, लेकिन पूरे देश के बाजार पर असर पड़ा है। राज्यों से जनता के बीच फ्लू के बारे में जागरूकता पैदा करने और एवियन इन्फ्लुएंजा के बारे में गलत जानकारी के प्रचार - प्रसार से बचने का भी अनुरोध किया गया है।

ये भी पढ़ें: कोरोना वायरस से उबर रहे पोल्ट्री व्यवसाय को बर्ड फ्लू का झटका, एक बार फिर उठाना पड़ सकता है नुकसान

क्या चिकन और अंडा खाने से इंसानों में फैल सकता है बर्ड फ्लू?






   

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.