पेड़ की ‘अतिरिक्त’ शाखाएं काटने पर ऋषि कपूर को नोटिस
Sanjay Srivastava 20 April 2017 11:42 AM GMT

मुबंई (भाषा)। वृहन मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने हिन्दी फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर (64 वर्ष) को यहां उपनगरीय ब्रांदा में पाली हिल्स में स्थित उनके कृष्णा राज बंगले के भीतर एक बरगद के पेड़ की अनुमति से अधिक शाखाएं काटने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह कपूर को नगर निगम की इकाई ने पेड़ की छह शाखाएं काटने की अनुमति दी थी। अभिनेता द्वारा भूखंड में निर्माण की योजना में पेड़ के कारण परेशानी होने के उल्लेख के बाद उन्हें अनुमति दी गई थी। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पेड़ की अतिरिक्त शाखाएं काट दी गई हैं। उन्होंने बताया कि शाखाओं की छंटनी नहीं की गई बल्कि इसे काट दिया गया।
मनोरंजन से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप
अभिनेता को कल नोटिस जारी किया गया। उन्हें यह बताने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र (शहरी इलाके) पेड़ों की सुरक्षा एवं संरक्षण कानून और अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 155 के तहत मामला दर्ज कराने के लिए बीएमसी एक पुलिस शिकायत दर्ज कराएगी। नोटिस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये अभिनेता ऋषि कपूर ने बताया कि वह ठेकेदार से बात करेंगे जो भूखंड पर निर्माण कार्य का काम देख रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पेड़ को उखाड़ा नहीं गया है, मैं इस बात की जांच करुंगा कि क्या ठेकेदार ने गलती की है।''
More Stories