विस उपचुनाव: तीन सीटों में से एक पर ही जीत दर्ज कर सकी सपा
Shrivats Awasthi 16 Feb 2016 5:30 AM GMT

लखनऊ। 2017 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी को विधानसभा उपचुनाव में तगड़ा झटका लगा है। सहारनपुर जिले की देवबंद सीट और मुजफ्फरनगर में हुए विधानसभा उपचुनाव में सपा के उम्मीदवार जीत दर्ज नहीं कर सके। यह सीटें पहले सपा के हाथ में थी। देवबंद सीट पर कांग्रेस व मुजफ्फरनगर सदर सीट पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले आनंद सेन विजयी हुए। उन्होंने रालोद के मुन्ना सिंह को हराकर जीत दर्ज की।
सहारनपुर की देवबंद सीट से विधायक रहे मंत्री राणा की मौत के बाद यहां उपचुनाव कराया गया था। राणा की पत्नी मीना समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही थी। इसी सीट पर कांग्रेस पार्टी ने माविया अली को टिकट दिया था। कांग्रेस पार्टी से माविया अली ने मीना को हराकर 3423 वोट से जीत दर्ज की। यहां तीसरे स्थान पर भाजपा के रामपाल पुंडीर रहे। पूर्व में सपा की रही देवबंद सीट पर अब कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। उधर मुजफ्फ़रनगर सदर सीट पर हुए चुनाव में भाजपा के कपिल देव अग्रवाल ने सपा उम्मीदवार गौरव स्वरूप को दस हजार से अधिक मतों से हराकर जीत दर्ज की। यह सीट सपा के मंत्री चितरंजन स्वरूप की मौत के बाद खाली हुई थी। पार्टी ने चितरंजन की मौत के बाद उनके बेटे गौरव स्वरूप को यहां से प्रत्याशी बनाया था लेकिन वह जीत दर्ज करने में सफल नहीं हुए। इसी सीट पर रालोद की मिथलेश तीसरे स्थान व कांग्रेस के सलमान चौथे स्थान पर रहे।
More Stories