अगर आपका है खेती या ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा स्टार्टअप तो जीत सकते हैं 5 से 15 लाख तक का इनाम
लखनऊ। आत्मनिर्भर भारत की मुहिम को आगे बढ़ाने और नई सोच को उत्साहवर्धन के लिए सरकार पिछले तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्टार्टअप अवॉर्ड देती है। इस अवार्ड के तहत सरकार स्टार्टअप को 5-5 लाख रुपए और इनक्यूबेटर और एक्सेलेरेटर को 15-15 लाख रुपए नगद ईनाम देती है। राष्ट्रीय स्टार्टअप इंडिया 2022 (National Startup Awards 2022) में आवेदन के लिए आखिरी तारीख 15 मार्च है। सरकार ने 17 सेक्टरों और 7 विशेष वर्गों में राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2022 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग ( DPIIT) ने राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों का तीसरा संस्करण लांच किया है। आजादी का अमृत महोत्सव की तर्ज पर, राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2022 स्टार्टअप व सक्षम कर्ताओं को सम्मानित करेगा, जो भारत की विकास गाथा में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार का आयोजन 2020 में शुरू हुआ था, जिसमें देश भर के 1,600 से अधिक स्टार्टअप और सक्षम कर्ताओं ने आवेदन किया था। हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2021 में 2,200 से अधिक स्टार्टअप शामिल हुए थे। 17 जनवरी 2022 को 46 स्टार्टअप्स के साथ एक इनक्यूबेटर और एक एक्सेलेरेटर को राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों 2021 के लिए चुना गया था।
स्टार्टअप पुरस्कारों के 2 सफल संस्करणों के बाद सरकार ने राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार-2022 आवेदनों खोल दिए हैं। स्टार्टअप्स के लिए पुरस्कार 50 उप-सेक्टरों में वर्गीकृत 17 सेक्टरों में दिए जाएंगे। इन 17 सेक्टर कृषि, पशुपालन, निर्माण, पीने का पानी, शिक्षा व कौशल विकास, ऊर्जा, उद्यम प्रौद्योगिकी, पर्यावरण फिनटेक, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य एवं कल्याण, उद्योग 4.0, मीडिया एवं मनोरंजन, सुरक्षा, अंतरिक्ष , परिवहन व यात्रा शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, स्टार्टअप्स के लिए पुरस्कारों के सात विशेष वर्ग हैं:
1.महिला केंद्रित स्टार्टअप
2.ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभाव
3.कैम्पस स्टार्टअप
4.विनिर्माण उत्कृष्टता
5.महामारी से निपटने में नवोन्मेष (बचाव संबंधी, डायग्नोस्टिक, उपचार संबंधी, निगरानी, डिजिटल संपर्क, वर्क फ्रॉम होम सॉल्यूशंस आदि)
6.भारतीय भाषाओं में सॉल्यूशन डिलीवरी या व्यवसाय प्रचलन
7.पूर्वात्तर (अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम तथा त्रिपुरा) और पहाड़ी क्षेत्रों (हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू एवं कश्मीर तथा लद्दाख) से स्टार्टअप्स।
विजेताओं को मिलेगा 5 से 15 लाख तक का पुरस्कार
स्टार्टअप पुरस्कार के विजेताओं को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान दिया जाएगा। विजेताओं और उप-विजेताओं को संभावित प्रायोगिक परियोजनाओं और वर्क ऑर्डरों और निवेशकों के साथ पिचिंग अवसरों के लिए जरुरी सार्वजनिक प्राधिकरणों और कॉरपोरेट्स को अपने सॉल्यूशन के डेमो का भी अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्टार्टअप कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही एक विजेता इनक्यूबेटर और एक विजेता एक्सेलेरेटर प्रत्येक को 15 लाख रुपये का कैश पुरस्कार दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2022 के लिए आवेदन 15 मार्च 2022 तक खुले हुए हैं। अधिक जानकारी के लिए कृपया www.startupindia.gov.in/content/sih/en/nsa2022.html. पर विजिट करें।
अवॉर्ड से संबंधित गाइडलाइंस यहां पढ़ें