भारत में ग्रीष्मकालीन फसलों का रकबा 64 लाख हेक्टेयर के पार, सालाना आधार पर 1.2% की बढ़ोतरी, जानें किस फसल में कितना इजाफा
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस वर्ष गर्मी की फसलों के तहत बुवाई का कुल रकबा 64 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। मंत्रालय के अनुसार, यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 0.77 लाख हेक्टेयर ज्यादा है, जो खेती-किसानी में सकारात्मक प्रगति को दर्शाता है। कुल मिलाकर, समर फसलों के रकबे में यह वृद्धि कृषि क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है, जिससे उत्पादन बढ़ने और किसानों की आय में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
धान की बुवाई 30 लाख हेक्टेयर से अधिक
जारी आंकड़ों के मुताबिक, धान की बुवाई 30 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में की गई है, जबकि दालों की खेती 11 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में पहुंच चुकी है। इसके अलावा श्री अन्न और मोटे अनाज की खेती भी तेजी से बढ़ रही है, जिसका कुल रकबा 13 लाख हेक्टेयर से अधिक दर्ज किया गया है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख हेक्टेयर अधिक है।
तिलहन फसलों की खेती भी बढ़ी
वहीं तिलहन फसलों की खेती भी इस बार बढ़ी है और इसका रकबा 8 लाख हेक्टेयर से ज्यादा दर्ज किया गया है। मंत्रालय का कहना है कि किसानों की बढ़ती भागीदारी और अनुकूल परिस्थितियों के चलते इस बार गर्मी की फसलों के क्षेत्र में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
10 अप्रैल 2026 तक ग्रीष्मकालीन फसलों का क्षेत्रफल (लाख हेक्टेयर में)
| क्र.सं. | फसलें | सामान्य क्षेत्र (DES) | फाइनल समर एरिया 2025 | चालू वर्ष 2026 | पिछले वर्ष (इसी अवधि) | बढ़ोतरी/कमी |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | चावल | 31.49 | 33.28 | 30.59 | 32.30 | -1.72 |
| 2 | दालें | 23.40 | 27.07 | 11.54 | 10.71 | +0.83 |
| हरी मूंग | 20.44 | 23.49 | 8.47 | 8.15 | +0.33 | |
| काली उड़द | 2.96 | 3.58 | 2.78 | 2.38 | +0.40 | |
| अन्य दालें | 0.00 | - | 0.29 | 0.18 | +0.11 | |
| 3 | श्री अन्न/मोटे अनाज | 12.08 | 14.06 | 13.67 | 12.70 | +0.97 |
| ज्वार | 0.34 | 0.36 | 0.37 | 0.36 | +0.01 | |
| बाजरा | 4.43 | 5.20 | 4.60 | 4.30 | +0.30 | |
| रागी | 0.31 | - | 0.21 | 0.16 | +0.05 | |
| छोटा बाजरा | 0.02 | - | 0.03 | 0.03 | 0.00 | |
| मक्का | 6.98 | 8.50 | 8.46 | 7.85 | +0.61 | |
| 4 | तिलहन | 8.40 | 9.51 | 8.31 | 7.62 | +0.69 |
| मूंगफली | 3.40 | 4.20 | 4.77 | 4.20 | +0.57 | |
| सूरजमुखी | 0.34 | 0.35 | 0.39 | 0.35 | +0.03 | |
| तिल | 4.66 | 4.96 | 3.09 | 3.00 | +0.10 | |
| अन्य तिलहन | 0.00 | - | 0.05 | 0.06 | -0.01 | |
| कुल | — | 75.37 | 83.92 | 64.10 | 63.33 | +0.77 |
सोर्स: PIB