बिहार के 10वीं-12वीं पास छात्र-छात्राओं को मिलेंगे ₹25,000, यहाँ करें आवदेन
बिहार सरकार ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 पास करने वाले छात्रों के लिए मुख्यमंत्री कन्या उत्थान और बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए बिहार शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान और बालक/बालिका प्रोत्साहन योजना की शुरूआत की है। इसमें उन्हें छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
यह योजना उन छात्रों और छात्राओं के लिए है, जिन्होंने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 सफलतापूर्वक पास की है। सरकार का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और आत्मनिर्भर बनाना है।
इस योजना के तहत पात्र छात्रों को MedhaSoft पोर्टल (medhasoft.bihar.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की आखिरी तिथि 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। तय समय के भीतर आवेदन नहीं करने पर लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। आवेदन के बाद चयनित लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि सीधे DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
यह योजना अलग-अलग वर्गों और श्रेणियों के छात्रों के लिए बनाई गई है। इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने वाली बालिकाओं के लिए मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट) प्रोत्साहन योजना के तहत ₹25,000 की सहायता दी जाती है। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को उनकी श्रेणी के अनुसार ₹10,000 से ₹15,000 तक की राशि मिल सकती है। मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को भी ₹10,000 तक की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। इस तरह यह योजना सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर देती है।
आवेदन के लिए ज़रूरी शर्तें
लाभ लेने के लिए छात्रों का बैंक खाता आधार से लिंक (Aadhaar Seeded) होना जरूरी है। बैंक खाता राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की बिहार स्थित शाखा में होना चाहिए। आवेदन करते समय छात्रों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल, आधार नंबर, स्कूल/कॉलेज का नाम और परीक्षा से संबंधित विवरण सही तरीके से भरना होगा। किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
छात्रों को MedhaSoft पोर्टल पर जाकर लॉगिन करना होगा। वहां अपनी परीक्षा से जुड़ी जानकारी दर्ज कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद पोर्टल पर उपलब्ध रसीद या आवेदन संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
छात्रों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना?
आज के समय में उच्च शिक्षा का खर्च कई परिवारों के लिए चुनौती बन गया है। यह प्रोत्साहन राशि छात्रों को कॉलेज, कोचिंग, किताबें और अन्य शैक्षणिक जरूरतें पूरी करने में मदद करती है। खासतौर पर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए यह योजना पढ़ाई जारी रखने का मजबूत सहारा बनती है।
ये भी पढ़ें: मुंबई की ज़िंदगी छोड़ स्पीति के दूर पहाड़ी गाँव में शुरू किया फ्री बोर्डिंग स्कूल