बिहार के बागवानी किसानों के लिए बढ़िया मौका; एक जगह पर मिलेंगी कई जानकारियाँ
बागवानी फ़सलों की खेती करना चाहते हैं, लेकिन सही जानकारी नहीं है कि कैसे और कब शुरूआत करें? ऐसे लोगों के लिए बिहार में लग रहा है बागवानी महोत्सव।
बिहार के पटना में गांधी मैदान में उद्यान निदेशालय, बागवानी महोत्सव का आयोजन कर रहा है। 5–8 फरवरी 2026 को आयोजित इस महोत्सव में किसानों को अपने बागवानी उत्पादों का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा, साथ ही किसानों को जानकारियाँ भी उपलब्ध करायी जाएँगी।
बागवानी महोत्सव में फल-फूल, सब्ज़ियों की उन्नत किस्मों के साथ ही, खेती की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जाएगी, साथ कई तरह की प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएँगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों और उच्च मूल्य वाली फसलों जैसे ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी आदि के प्रति प्रोत्साहित करना है।
बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बागवानी महोत्सव के आयोजन पर कहा कि उद्यान निदेशालय किसानों को उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन, हर स्तर पर सहयोग दे रहा है ताकि बागवानी आय का भरोसेमंद स्रोत बन सके।
उन्होंने आगे कहा कि बागवानी महोत्सव के माध्यम से रोज़गार व आय की वृद्धि एक सशक्त रूप में बिहार सरकार प्रोत्साहित कर रही है। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता पर नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। तकनीकी प्रशिक्षण, परिभ्रमण और विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सरकार के सहयोग से बागवानी लाभकारी कृषि मॉडल का पर्याय बना है। यही दिशा बिहार के कृषि विकास और किसान के समृद्धि की मज़बूत नींव होगी।
"पटना के गांधी मैदान में 5 से 8 फरवरी को बागवानी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। मैं सभी किसान भाइयों और बहनों से आग्रह करता हूँ कि इस बागवानी महोत्सव में अवश्य पधारें और बागवानी के विस्तार से आय वृद्धि एवं समृद्धि के दिशा में सरकार के साथ आगे बढ़ें, "उन्होंने आगे कहा।