Women Safety: 17000 थानों से जुड़ेगा SHe-Box, वर्कप्लेस पर छेड़खानी या ऑनलाइन हैरेसमेंट की तुरंत करें शिकायत, जानिए तरीका
महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार SHe-Box (Sexual Harassment electronic Box) पोर्टल को अपग्रेड कर इसे देश के करीब 17 हजार पुलिस थानों से जोड़ने की तैयारी में है। SHe-Box भारत सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य सभी महिलाओं को—चाहे वे किसी भी क्षेत्र (सार्वजनिक/निजी, संगठित/असंगठित) में कार्यरत हों—एक ही मंच पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत दर्ज करने की सुविधा प्रदान करना है। कोई भी महिला जो कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का सामना कर रही है, इस पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकती है। इस पहल के जरिए कार्यस्थल, रास्ते या ऑनलाइन होने वाले यौन उत्पीड़न के मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और महिलाओं को तुरंत मदद मिल सकेगी।
अब दफ्तर से बाहर भी मिलेगा सुरक्षा कवच
इस नई व्यवस्था के तहत अब SHe-Box पोर्टल का दायरा केवल दफ्तर तक सीमित नहीं रहेगा। महिलाएं घर से ऑफिस जाते समय या वापस लौटते वक्त होने वाली छेड़छाड़ और उत्पीड़न की शिकायत भी आसानी से दर्ज कर सकेंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित यह पोर्टल महिलाओं को सुरक्षित और सरल तरीके से शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाओं को बिना किसी डर के अपनी बात रखने का मंच मिले और शिकायतों का त्वरित समाधान हो।
कैसे करें शिकायत
SHe-Box पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। महिलाएं इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं। यह पोर्टल POSH अधिनियम, 2013 के तहत काम करता है, जो निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करता है। खास बात यह है कि शिकायत करने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और शिकायत स्वतः संबंधित पुलिस थाने तक पहुंच जाती है, जिससे कार्रवाई में तेजी आती है।
साइबर अपराध पर भी लगेगी लगाम
इस पोर्टल के अपग्रेड होने के बाद साइबर उत्पीड़न और छेड़छाड़ के मामलों पर भी लगाम लगेगी। ऑनलाइन शिकायत सीधे संबंधित थाने तक पहुंचने से जांच प्रक्रिया तेज होगी और दोषियों पर जल्दी कार्रवाई संभव हो सकेगी। यह कदम महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक मजबूत डिजिटल ढांचा तैयार करेगा और देशभर में सुरक्षित माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।