Gold Silver Price: सोना-चांदी सस्ता हुआ, चांदी ₹1,800 टूटी, सोना भी ₹300 फिसला

Gaon Connection | Apr 13, 2026, 19:24 IST
सोमवार के दिन, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की दरों में कमी आई। चांदी की कीमत ₹1,800 घटकर ₹2,45,200 प्रति किलो हो गई, जबकि सोना ₹300 की कमी के साथ अब ₹1,55,000 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
सोना-चांदी में गिरावट का दौर जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्राफा बाजार में हलचल देखने को मिली। All India Sarafa Association के अनुसार, चांदी की कीमत में ₹1,800 की बड़ी गिरावट आई और यह घटकर ₹2,45,200 प्रति किलो (टैक्स सहित) रह गई, जो पिछले सत्र में ₹2,47,000 प्रति किलो थी। वहीं, 99.9% शुद्धता वाला सोना भी ₹300 सस्ता होकर ₹1,55,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि इससे पहले इसका भाव ₹1,55,300 प्रति 10 ग्राम था।



धातु (Metal)पिछला भाव (₹)वर्तमान भाव (₹)बदलाव (₹)
चांदी (प्रति किलो)2,47,0002,45,200-1,800
सोना (प्रति 10 ग्राम)1,55,3001,55,000-300

किमतों में गिरावट के कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने हालात जिम्मेदार हैं। HDFC के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने बताया अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्षविराम (ceasefire) वार्ता का कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने से बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है। इसका असर यह हुआ कि अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड्स मजबूत हुए, जिससे सोना-चांदी जैसे कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला।



अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरवट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों में गिरावट रही। स्पॉट चांदी करीब 2% गिरकर 74.31 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना लगभग 26 डॉलर टूटकर 4,722 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया। हालांकि बाद में सोने में थोड़ी रिकवरी भी देखी गई, क्योंकि निवेशकों ने बढ़ते तनाव और संभावित राहत दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए खरीदारी की।



कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी रहा कारण

अनुसंधान विश्लेषक – कमोडिटी एवं मुद्रा के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी के अनुसार, सोने में गिरावट के पीछे एक कारण यह भी है कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा के लिए सैन्य तैनाती पर विचार कर सकता है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और लंबे समय तक अस्थिरता की आशंका बढ़ गई है, जिसके चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली (profit booking) शुरू कर दी।



बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना हुआ है और निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक वैश्विक राजनीतिक हालात साफ नहीं होते, तब तक सोना-चांदी की कीमतों में इसी तरह की अस्थिरता बनी रह सकती है। वहीं, सर्राफा बाजार मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर बंद रहेगा।

Tags:
  • Gold Silver Price Today
  • सोना चांदी की कीमत
  • Silver Price Drop
  • चांदी का भाव
  • Gold Price Fall