राजस्थान में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का कहर; किसानों को भारी नुकसान, 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Gaon Connection | Apr 04, 2026, 11:48 IST
Image credit : Gaon Connection Creatives
ओले से हुआ नुकसान

राजस्थान में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट लेकर तबाही मचा दी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर समेत कई जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला। कई इलाकों में ओलों की ऐसी मार पड़ी कि धरती सफेद चादर से ढक गई। इस अचानक बदलाव ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं किसानों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है।



ओलों की मार से तबाह फसलें, किसानों को भारी नुकसान

इस बेमौसम बारिश ने किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ और रायसिंहनगर जैसे इलाकों में गेहूं और सरसों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। वहीं जैसलमेर के नाचना क्षेत्र में जीरा और इसबगोल जैसी नकदी फसलें ओलों की मार से खत्म हो गईं। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी थी, लेकिन अचानक आई इस आपदा ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। ओलों की चोट से गेहूं के दाने झड़ गए और सरसों की फलियां टूट गईं, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।



सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

राजस्थान में हुई ओलावृष्टि के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आये हैं जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।



ऑरेंज अलर्ट के बीच बढ़ा खतरा, 25 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 25 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया है। जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, अजमेर, टोंक, कोटा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों को ऑरेंज अलर्ट (भारी खतरा) श्रेणी में रखा गया है, जहां 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं बीकानेर, नागौर, सीकर और झुंझुनूं जैसे पश्चिमी इलाकों में येलो अलर्ट जारी कर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में यह स्थिति और बिगड़ सकती है।



आगे भी बना रहेगा खतरा

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। 7 अप्रैल से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पूरे प्रदेश में फिर से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और खुले में रखे अनाज को ढंककर रखें। फिलहाल मौसम साफ होने के बावजूद चिंता बरकरार है, क्योंकि आने वाले दिनों में फिर से हालात बिगड़ने की आशंका है।

Tags:
  • Rajasthan hailstorm
  • राजस्थान में ओलावृष्टि
  • Western disturbance Rajasthan
  • पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान
  • Farmer's crop loss
  • IMD अलर्ट राजस्थान
  • मौसम विभाग चेतावनी
  • अप्रैल मौसम अपडेट