Instagram: बच्चों की सुरक्षा के लिए नया फीचर, आत्महत्या जैसे शब्द बार-बार किए सर्च, तो माता-पिता को भेजा जाएगा अलर्ट
Instagram safety feature: आजकल बहुत सारे बच्चे और किशोर (13-17 वर्ष ) सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, खासकर Instagram का। यह एक ऐसा ऐप है, जहाँ तस्वीरें, वीडियोज़ और स्टोरीज़ शेयर की जाती हैं। सोशल मीडिया का उपयोग बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डालता है। गलत या हानिकारक चीजें सर्च करने से मस्तिस्क पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में अब इंस्टाग्राम ने एक नया सुरक्षा फीचर जारी किया है।
क्यों नया फीचर जरूरी है?
कुछ बच्चे कठिन समय में “suicide” (आत्महत्या) या “self-harm” (खुद को नुकसान पहुँचाने) जैसे शब्दों को बार-बार खोज सकते हैं। ऐसे शब्दों को सर्च करना मानसिक परेशानी का संकेत हो सकता है। इंस्टाग्राम अब माता-पिता को इसके बारे में सचेत करेगा, ताकि वे समय रहते अपने बच्चे से बात कर सकें और उनकी मदद कर सकें।
यह फीचर कैसे काम करेगा?
नया फीचर तब काम करेगा जब आपका बच्चा इंस्टाग्राम पर बार-बार "suicide" या "self-harm" जैसे शब्द सर्च करता है। यह अलर्ट सिर्फ़ उन्हीं माता-पिता को भेजा जाएगा जो Instagram के parental supervision (पैरेंटल सुपरविजन) फीचर को पहले से चालू कर चुके हैं। अलर्ट कई तरीकों से मिल सकता है ई-मेल, टेक्स्ट मैसेज, WhatsApp या इंस्टाग्राम पर सूचना। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपके बच्चे ने ऐसी चीज़ें सर्च की हैं।
क्या यह कोई गंभीर संकेत हो सकता है?
अगर आपका बच्चा बार-बार ऐसे शब्द सर्च कर रहा है तो यह ज़रूरी नहीं कि वह किसी गंभीर कदम के बारे में सोच रहा हो, लेकिन यह संभावित मानसिक परेशानी या बेचैनी का संकेत हो सकता है। ऐसे समय में माता-पिता का संवाद, समझदारी और सहयोग बहुत ज़रूरी होता है।
क्या इंस्टाग्राम पहले से हानिकारक चीज़ों को रोकता है?
हाँ, इंस्टाग्राम पहले से ही कुछ संवेदनशील शब्दों से जुड़े परिणामों को दिखने से रोकता है और बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के मामले में मदद के विकल्प दिखाता है। नये फीचर से यह ध्यान दिया जाएगा कि अगर कोई बच्चा बार-बार ऐसी चीज़ें खोज रहा है, तो माता-पिता को सूचना मिले और वे मदद कर सकें।
माता-पिता के लिए क्या सीख?
बातचीत ज़रूरी: बच्चों से समय-समय पर उनकी ऑनलाइन गतिविधियों के बारे में बात करें।
सुपरविजन सेट करें: इंस्टाग्राम के parental supervision फीचर को एक्टिवेट करें ताकि आप अलर्ट प्राप्त कर सकें।
समझदारी से प्रतिक्रिया दें: अगर अलर्ट आता है, तो गुस्सा न करें, बल्कि पूछें कि क्या कुछ परेशान कर रहा है।
प्रोफेशन सहायता लें: ज़रूरत पड़े तो स्कूल, सलाहकार या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मदद लें।
इस नए सुरक्षा फीचर का उद्देश्य बच्चों को अकेला नहीं छोड़ना और माता-पिता को समय रहते जानकारी देना है, ताकि वे अपने बच्चे की मदद कर सकें जब वह मानसिक तनाव का सामना कर रहा हो। अगर माता-पिता जागरूक रहे और बच्चों के साथ खुलकर बात करें, तो सोशल मीडिया एक सकारात्मक और सुरक्षित अनुभव भी बन सकता है।
क्या है इस कदम का दूसरा पहलू?
आलोचकों के अनुसार, Meta को अपने प्लेटफॉर्म की डिज़ाइन और एल्गोरिदम को और सुरक्षित बनाना चाहिए, ताकि सभी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, चाहे उनके माता-पिता सुपरविजन टूल का उपयोग करें या नहीं। उनका तर्क है कि अगर कोई डिजिटल प्रोडक्ट किशोरों के लिए बिना माता-पिता की दखल के सुरक्षित नहीं है, तो उसे किशोरों के लिए आक्रामक तरीके से प्रचारित भी नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, कंपनी का कहना है कि वह एआई से जुड़ी गतिविधियों पर भी माता-पिता को नोटिफिकेशन देने की दिशा में काम कर रही है, ताकि परिवारों को और अधिक पारदर्शिता और नियंत्रण मिल सके।