अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर तेंदुए से बचाने वाले साहसी बच्चों को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीर बच्चों को सम्मानित किया। तेंदुआ के हमले से खुद को व परिवार को बचाने वाले इन बच्चों की प्रशंसा करते हुए सीएम योगी ने इन्हें समाज के लिए प्रेरक बताया। सीएम योगी ने वानिकी व वन्य जीव क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्बन क्रेडिट प्रोजेक्ट के अंतर्गत दो लाभार्थी किसानों को चेक भी वितरित किए गए।
10 व 18 साल के बच्चों को किया गया सम्मानित
बहराइच के 10 वर्षीय अच्छेलाल और प्रयागराज की 18 वर्षीय तनु सिंह को तेंदुए के हमले से खुद को और परिवार को बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। अच्छेलाल ने दिसंबर 2025 में गन्ने के खेत से लौटते समय तेंदुए से बहादुरी से मुकाबला किया था, जिससे तेंदुआ भाग गया। वहीं, तनु सिंह ने जनवरी 2026 में अपने घर में घुसे तेंदुए को सूझबूझ से कमरे में बंद कर दिया था, जिससे दो छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका और तेंदुए को भी बिना किसी नुकसान के रेस्क्यू किया गया। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को समाज के लिए प्रेरणा बताया।
वन विभाग के कर्मचारियों को भी किया गया सम्मानित
वन विभाग के कर्मचारियों को भी वानिकी और वन्य जीव क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुरादाबाद वन विभाग के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, हमीरपुर वन विभाग के वन रक्षक सुनील कुमार गौंड, रामपुर वन विभागके वन रक्षक शिवम कुमार और एटा वन विभाग की माली रीना शर्मा को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, वानिकी क्षेत्र में सराहनीय काम करने वाले सामाजिक संगठनों को भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिला। लोकभारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह और हेल्पिंग हैंड्स सेवा संस्थान झांसी के सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्बन क्रेडिट प्रोजेक्ट का किसानों को मिला लाभ
कार्बन क्रेडिट प्रोजेक्ट के तहत दो किसानों को भी लाभ मिला। कुशीनगर के ईश्वर चंद और रायबरेली की सुनीता को मुख्यमंत्री ने चेक वितरित किए। यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने का एक माध्यम है। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने वन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।