Rose Prices: गुलाब हुआ महँगा, ₹50 का गुलाब का बंडल ₹1000 में बिका, वैलेंटाइन वीक और शादी सीजन का असर
फरवरी में गुलाब का इंतज़ार सिर्फ़ फूल लेने-देने वाले या वैलेंटाइन वीक मनाने वाले ही नहीं करते, गुलाबों का इंतज़ार किसान और फूलों के व्यापारी भी करते हैं। 7 फरवरी को आता है Rose Day, इस दिन गुलाब की डिमांड खूब बढ़ती है। गुलाबों की बिक्री में भी जबर्दस्त बढ़त देखने को मिलती है। शादी का सीजन भी फूलों की माँग को और बढ़ा रहा है। इस बीच, खराब मौसम के चलते फसलों का उत्पादन कम हुआ, जिसके कारण फूलों की सप्लाई भी कम देखी गई। किसानों और व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में रेट और भी बढ़ सकता है। जानिए क्या रेट चल रहा है गुलाब आज के दिन।
kitna hai Gulaab ka Rate: वैलेंटाइन वीक की शुरुआत के साथ ही गुलाब की कीमतें आसमान छू रही हैं। 7 फरवरी से शुरू हुए Valentine Week के पहले दिन, यानी रोज डे पर गुलाब की माँग अचानक बढ़ गई है। हालांकि गुलाब की डिमाँड Valentine Week के शुरू होने से पहले ही बढ़ चुकी थी। क्योंकि शादियों का सीज़न भी शुरू हो चुका है। जिसमें सजावट के लिए भी गुलाबों की माँग काफी बढ़ जाती है। लेकिन Rose Day के दिन तक तो गुलाबों के रेट में बेहद बढ़ोतरी देखी गई। आम दिनों में 5 रूपए में मिलने वाला गुलाब आज के दिन 70 से 90 रूपए तक बिकता है। जो गुलाब का बंडल (20 स्टिक्स) आम दिनों में 50 से लेकर 20 रूपए में भी लोग नहीं खरीदते थे, वही गुलाब का बंडल 1000 रूपए तक बिक रहा है।
फूल मंडी में सप्लाई घटी, दाम बढ़े
जनवरी में जैसे सोना-चाँदी रेट बढ़ रहे थे, उसी की कड़ी में अब गुलाब भी शामिल हो गए हैं। गाँव कनेक्शन की टीम लखनऊ की फूल मंडी पहुँची जानने की गुलाब के दामों में कितना उछाल आया है। क्योंकि फूल मंडियों में गुलाब के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। थोक से लेकर फुटकर बाजार तक, हर जगह गुलाब की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है, जिसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
मंडी में बाराबंकी के किसान श्यान सैनी से गुलाबों के बढ़ते रेट पर बात हुई। श्यान सैनी गुलाब और गेंदा की खेती करते हैं। उन्होनें गाँव कनेक्शन को बताया कि-"मंडी में गुलाबों का आज का भाव काफी बढ़ गया है। गुलाब का रेट से लेकर 800 से लेकर 1000 रूपए प्रति बंडल बिक रहा है। एक बंडल में 50 गुलाब की स्टिक्स होती हैं। वहीं गेंदा का भाव अभी कम है। गेंदा अभी 10 रूपए किलो के भाव से बिक रहा है। लेकिन हल्की गर्मी या मार्च में गेंदा का भाव भी सही मिलने लगेगा।"
श्याम सेनी ने बताया कि- आज से पहले एक गुलाब का बंडल अधिक से अधिक 200-300 रूपए में बिक जाता था। क्योंकि डिमांड शादी के सीजन के कारण ज्यादा हो गई है और पिछले दिनों बिगड़े मौमस के कारण गुलाब की खेती पर भी असर पड़ा। ज्यादा डिमांड और सप्लाई में कमी के कारण गुलाब मंहगे हो गए है।"
थोक से लेकर फुटकर बाजार तक बढ़ी कीमत
लखनऊ की फूल मंडी के व्यापारियों के मुताबिक, इस बार गुलाब की आवक में कमी आई है। बेंगलुरु, पुणे और आसपास के इलाकों से आने वाले गुलाब की फसल को हाल ही में हुई बारिश से नुकसान पहुँचा है। इस वजह से मंडियों तक कम माल पहुंच रहा है। सप्लाई कम होने और वैलेंटाइंस वीक की वजह से बढ़ी मांग के कारण गुलाब के दाम तेजी से बढ़े हैं। कुछ दिन पहले तक जो लाल गुलाब थोक मंडी में 200 रुपये प्रति बंडल मिल रहा था, वह अब 300 से 350 से लेकर 800-1000 रुपये प्रति बंडल तक पहुँच गया है। एक बंडल में करीब 20 गुलाब होते हैं। वहीं, गुलाबी और सफेद जैसे अन्य रंगों के गुलाब की कीमतें भी 400-800,1000 से भी ज्यादा रुपये प्रति बंडल तक पहुंची हैं। इस कारण फुटकर बाजार में एक गुलाब की कीमत पहले से काफी ज्यादा हो गई है।
खुले गुलाब और पत्तियों के दाम भी दोगुने
सिर्फ गुलाब ही नहीं, खुले गुलाब और गुलाब की पत्तियों के दाम भी दोगुने हो गए हैं। कुछ दिन पहले तक ये 40 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, लेकिन अब इनकी कीमत 80 से 120 रुपये प्रति किलो तक पहुँच गई है। वैलेंटाइंस वीक में सजावट और सरप्राइज के लिए गुलाब की पत्तियों की माँग भी काफी बढ़ जाती है, जिससे इनकी कीमतों में और तेजी आ रही है। साथ ही खुले गुलाब का इस्तेमाल फूलों की माता के साथ सजावट में काम आते हैं।
फूलों की दुकान पर भी सिंगल स्टिक गुलाब की कीमत काफी बढ़ गई है। मोर्या फ्लोरिस्ट पर काम करने वाले रिंकू ने बताया कि- "सिंगल स्टिक गुलाब की कीमत आज 30 रूपए है, जो बाकि दिनों में 10 से 15 रूपए की रहती थी।" रिंकू ने बताया कि फरवरी पूरे महीने गुलाब के फूलों का दाम इसी तरह बढ़ा रहेगा।
शादी का सीजन भी बना वजह
फूल व्यापारियों का कहना है कि वैलेंटाइंस वीक के साथ-साथ शादी का सीजन भी चल रहा है। इस वजह से फूलों की माँग और भी ज्यादा बढ़ गई है। सप्लाई सीमित है और माँग ज्यादा है, इसलिए गुलाब के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। अगर आने वाले दिनों में आवक और कम हुई, तो गुलाब की कीमतें और बढ़ सकती हैं। फूल व्यापारी मोइनुद्दीन ने बताया कि- "वैलेंटाइंस डे और शादीयों में बढ़ती सजावट के लिए गुलाब महंगे बिक रहे हैं। पिंक गुलाबों की वरमाला जो आम दिनों में 3 हजार से 4 हजार बिकती थी, वही माला अब 4 हजार से 5 हजार तक बिक ही है।"
हालांकि व्यापारियों का कहना है कि हमारे लिए तो ये महीना कमाई के नजरिये से अच्छा होता है, वहीं मंडी से जो ग्राहक फूल खरीदने आते हैं उनके लिए बढ़े दाम मुसीबत बनी हुई है। मोइनुद्दीन ने बताया कि "अभी तो इस सप्ताह की शुरूआत है, आने वाले दिनों में ये रेट और बढ़ सकता है।"
डच रोज़ के दाम भी बढ़ गए हैं। डच रोज का 20 पीस बंडल 600 से 700 रूपए का मिल रहा है। फूल व्यापारी मोहम्मद आसिफ ने बताया कि- गुलाबों की कई किस्में दूसरे राज्यों से मंगाए जाते हैं जैसे टाटा रोज की कीस्म। अभी सीजन है तो गुलाब महँगा बिक रहा है लोकिन ऑफ-सिजन में किसानों को नुकसान भी बहुत होता है। गर्मी में न क्वालिटी मिलती है और फूल ख़राब भी जल्दी हो जाता है। इसलिए फरवरी में डिमांड ज्यादा है तो दूसरे राज्यों से मंगाने के कारण रेट ज्यादा हो रहा है।"
फूलों को ग्राहक हुए परेशान
फूल मंडी से सजावट के लिए गुलाब खरीदने आई खुशी, गुलाबों को दाम सुनकर काफी हैरान दिखीं। खुशी ने बताया कि दो दिन पहले गुलाब के बंडल का रेट 250 से 300 प्रति बंडल चर रहा था, लेकिन वही बंडल अब 1000 रूपए से नीचे का मिल नहीं रहा है। खुशी उन ग्राहकों में से हैं जिनके घर में शादी है। खुशी सजावट के लिए गुलाब खरीदने आईं थी।
वहीं उन्नाव के एक ग्राहक राम कुमार गुलाबों के दाम सुनकर काफी परेशान दिखे। रामकुमार फूलों की सजावट का काम करते हैं। राम कुमार ने बाताया कि- " मंडी बहुत मंहगी है। 100-200 की चीज आज 900-1000 की मिल रही है। हम जैसे लोग इतना महंगा सामान कैसे खरीद पाएंगे? यहाँ से माल ले जाएंगे तो बिक नहीं पाएगा न ही हमारी लागत निकल पाएगी। फूल समय से बिका नहीं तो खराब होगा जिससे नुकसान मेरा ही होगा। कोई सीमा नहीं है अभी गुलाब के दामों के बढ़ने की।"
फरवरी के बाद घट सकते हैं दाम
फ्लोरिस्ट प्रिया ने बताया कि -आम दिनों में जो गुलाब स्टिक 40 से 50 की मिलकी थी, वो ही आज 80 से 90 रूपए की बिक रही है। हालांकि, व्यापारियों को उम्मीद है कि वैलेंटाइंस डे के बाद गुलाब की माँग में कमी आएगी, जिससे कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल, लखनऊ की फूल मंडी में गुलाब के दाम आसमान छू रहे हैं और प्यार का इजहार इस बार थोड़ा महँगा साबित हो रहा है।