पीएम किसान योजना पर पूरी जानकारी: अगली किस्त के लिए अब ही करें खुद का रजिस्ट्रेशन!

Gaon Connection | Mar 19, 2026, 14:43 IST
केंद्र सरकार की पीएम-किसान योजना किसानों को सालाना ₹6,000 की सीधी आर्थिक सहायता प्रदान करती है। यह राशि ₹2,000 की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में आती है। योजना का उद्देश्य किसानों को खेती के खर्चों में मदद करना और कर्ज से बचाना है। अब तक 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
अगली किस्त से पहले कर लेें ये काम

अगर आप किसान हैं या खेती-किसानी से जुड़े हैं और अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) के बारे में पूरी जानकारी नहीं जानते, तो यह लेख आपके लिए बेहद जरूरी है। यह योजना केंद्र सरकार की तरफ से 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई थी, जिसका मकसद देश के छोटे और सीमांत किसानों को सीधे आर्थिक मदद देना है, ताकि वे खेती के खर्च आसानी से उठा सकें और कर्ज के बोझ से बच सकें।



पीएम-किसान योजना है क्या?

सबसे पहले समझते हैं कि आखिर पीएम-किसान योजना है क्या। इस योजना के तहत सरकार हर साल पात्र किसान परिवारों को ₹6,000 की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि एक साथ नहीं बल्कि ₹2,000 की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। खास बात यह है कि यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे खाते में आता है, जिससे बीच में किसी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की संभावना कम हो जाती है।



अब सवाल उठता है कि इसका फायदा किसे मिलता है?

इस योजना का लाभ उन किसानों को मिलता है जिनके पास खुद की खेती योग्य जमीन है। हालांकि इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी हैं जैसे जमीन का रिकॉर्ड सही होना चाहिए, बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है। इन प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही किसान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।



अगर अब तक के आंकड़ों की बात करें तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 21 किस्तों में किसानों को 4.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है। यह दिखाता है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट कैश ट्रांसफर योजनाओं में से एक है। खास बात यह भी है कि इस योजना के लाभार्थियों में 25 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं, जो इसे और ज्यादा समावेशी बनाता है।



किस काम के लिए इस्तेमाल होता है ये पैसा?

इस योजना का असली फायदा किसानों को तब दिखता है जब उन्हें खेती के लिए तुरंत पैसों की जरूरत होती है। बीज खरीदना हो, खाद लेना हो या कीटनाशक—इन सबके लिए यह ₹2,000 की किस्त काफी मददगार साबित होती है। इससे किसानों को साहूकारों या महंगे कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और उनकी खेती लगातार चलती रहती है।



देश के अलग-अलग हिस्सों से कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहाँ किसानों ने इस पैसे का सही इस्तेमाल करके अपनी खेती को बेहतर बनाया। किसी ने नई फसल की शुरुआत की, तो किसी ने उर्वरक और बीज खरीदकर उत्पादन बढ़ाया। इससे साफ है कि छोटी सी आर्थिक मदद भी सही समय पर मिले तो बड़ा बदलाव ला सकती है।



पीएम-किसान पूरी तरह डिजिटल

अब बात करते हैं इस योजना के सिस्टम की, जो इसे खास बनाता है। पीएम-किसान पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसमें किसानों का एक बड़ा डेटाबेस तैयार किया जाता है, जिसमें उनकी जमीन, बैंक और आधार से जुड़ी जानकारी शामिल होती है। इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि पैसा सही किसान तक ही पहुंचे और किसी तरह की गड़बड़ी न हो।



खुद से करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में खुद से रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं, किस्त की स्थिति देखना चाहते हैं या ई-केवाईसी पूरा करना चाहते हैं, तो यह काम बहुत आसान है और मोबाइल से ही किया जा सकता है। सबसे पहले आपको पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) पर जाना होता है। वहाँ “New Farmer Registration” का विकल्प मिलेगा, जिस पर क्लिक करके आप अपना आधार नंबर डालते हैं और राज्य चुनते हैं। इसके बाद आपके सामने एक फॉर्म खुलता है, जिसमें नाम, पता, बैंक खाता और जमीन से जुड़ी जानकारी भरनी होती है। सारी जानकारी सही भरकर सबमिट करने के बाद आपका रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाता है।



किस्त की स्थिती कैसे जानें?

अगर आप अपनी किस्त की स्थिति देखना चाहते हैं, तो वेबसाइट पर “Beneficiary Status” वाले विकल्प पर जाएं। वहाँ आप अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक खाता नंबर डालकर आसानी से देख सकते हैं कि आपकी किस्त आई है या नहीं।



e-KYC कैसे करें?

ई-केवाईसी पूरा करने के लिए “e-KYC” ऑप्शन पर क्लिक करें, फिर अपना आधार नंबर डालें। इसके बाद आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे डालकर आप ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं। अगर OTP नहीं आता या मोबाइल लिंक नहीं है, तो आप नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर बायोमेट्रिक तरीके से भी ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इस तरह ये तीनों काम किसान खुद आसानी से घर बैठे कर सकते हैं।



सरकार ने इसे और आसान बनाने के लिए मोबाइल ऐप और पोर्टल भी लॉन्च किया है, जहाँ किसान खुद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, अपनी किस्त की स्थिति देख सकते हैं और ई-केवाईसी भी पूरा कर सकते हैं। अब तो फेस ऑथेंटिकेशन जैसी सुविधा भी जोड़ दी गई है, जिससे बिना ओटीपी या फिंगरप्रिंट के भी सत्यापन हो सकता है।



‘किसान-ईमित्र’ नाम का AI चैटबॉट को भी जानें

इसके अलावा, सरकार ने ‘किसान-ईमित्र’ नाम का एक AI चैटबॉट भी शुरू किया है, जो किसानों को उनकी भाषा में 24 घंटे जानकारी देता है, चाहे वह भुगतान से जुड़ा सवाल हो या आवेदन की स्थिति। इससे गांव-देहात के किसानों के लिए जानकारी पाना और भी आसान हो गया है।



कुल मिलाकर देखा जाए तो पीएम-किसान योजना सिर्फ ₹6,000 देने की योजना नहीं है, बल्कि यह किसानों के लिए एक मजबूत सहारा है। यह उन्हें आर्थिक सुरक्षा देती है, खेती में निवेश बढ़ाने में मदद करती है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाती है। अगर आप अभी तक इस योजना से नहीं जुड़े हैं, तो जरूरी है कि जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराकर इसका लाभ उठाएं।

Tags:
  • PM Kisan Yojana
  • पीएम किसान योजना
  • PM Kisan Registration
  • पीएम किसान रजिस्ट्रेशन
  • PM Kisan Installment Status