Krishi Mela 2026: रायसेन में लगेगा 3 दिन का कृषि मेला, जानिए किस दिन मिलेगी किस तकनीक की जानकारी
मध्य प्रदेश के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक होने वाला “उन्नत कृषि महोत्सव 2026” किसानों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। इस तीन दिवसीय मेले में किसानों को देश के प्रमुख कृषि वैज्ञानिकों से सीधे सीखने का मौका मिलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना और खेती को आधुनिक बनाना है।
तीन दिन का “ज्ञान महाकुंभ”
रायसेन के दशहरा मैदान में होने वाला यह मेला किसानों के लिए “ज्ञान महाकुंभ” जैसा होगा। यहां चार अलग-अलग हॉल में लगातार तीन दिनों तक सत्र चलेंगे, जिनमें खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी दी जाएगी—जैसे फसल प्रबंधन, बाजार, नई तकनीक और खेती से जुड़ी कमाई बढ़ाने के तरीके।
पहला दिन: नई तकनीक और खेती के आधुनिक तरीके
11 अप्रैल को पहले दिन किसानों को फसल कटाई के बाद की तकनीक, डिजिटल खेती और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के उपयोग के बारे में बताया जाएगा। साथ ही मधुमक्खी पालन, कृषि मशीनों का उपयोग, दलहन फसलों की पैदावार बढ़ाने और प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। पराली को जलाने की बजाय उससे कमाई कैसे की जाए, यह भी आसान तरीके से समझाया जाएगा।
दूसरा दिन: मिट्टी, बीमा और उन्नत खेती
12 अप्रैल को मृदा (मिट्टी) की सेहत सुधारने, पॉलीहाउस जैसी तकनीकों और सुरक्षित खेती पर जोर दिया जाएगा। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और किसान उत्पादक संगठन (FPO) के फायदे बताए जाएंगे। इसके अलावा सब्जियों और फूलों की खेती, कीट नियंत्रण, माइक्रो सिंचाई, हाइड्रोपोनिक्स और नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
तीसरा दिन: पशुपालन और नई आय के अवसर
13 अप्रैल को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इसमें मछली पालन, मोती पालन, डेयरी, मुर्गी पालन और बकरी पालन जैसे कामों से आय बढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही किसानों को कृषि लोन और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
पराली से “कचरे से कंचन” तक
इस मेले में खास फोकस पराली प्रबंधन पर रहेगा। किसानों को बताया जाएगा कि पराली को जलाने के बजाय उससे खाद, ऊर्जा और अतिरिक्त आय कैसे बनाई जा सकती है। “वेस्ट टू वेल्थ” यानी कचरे से कमाई की यह तकनीक किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।
ICAR के लाइव डेमो और नई तकनीक
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) इस मेले में कई लाइव डेमो दिखाएगा। किसान अपनी मिट्टी की जांच करवा सकेंगे और सही फसल की सलाह पा सकेंगे। ड्रोन से छिड़काव, हाइड्रोपोनिक्स, नर्सरी मैनेजमेंट और आधुनिक खेती के मॉडल भी दिखाए जाएंगे, ताकि किसान इन्हें आसानी से समझकर अपनाएं।