Weather Alert: दिल्ली में मार्च में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, जानिए किन राज्यों में आँधी-बारिश की चेतावनी?
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, जहाँ दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का रिकॉर्ड टूट रहा है, वहीं कुछ राज्यों में आँधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में इस तेज बदलाव का असर खेती और जनजीवन दोनों पर पड़ सकता है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, जो पिछले 15 वर्षों में मार्च के शुरुआती दिनों में सबसे अधिक है।
दिल्ली में तापमान 37 डिग्री के पार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह पिछले 15 वर्षों में मार्च के शुरुआती दिनों में सबसे अधिक माना जा रहा है। रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। बुधवार को यह 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हालांकि, सप्ताह के अंत तक थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को तापमान घटकर 36 डिग्री के आसपास आ सकता है। पूरे सप्ताह आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिले गर्मी की चपेट में आ गए हैं। झाँसी में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। बांदा में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है।
बिहार में आँधी-बारिश की संभावना
जहाँ एक तरफ उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं बिहार के कई जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को 32 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। इससे राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
इन राज्यों में बढ़ रही गर्मी
हरियाणा में भी औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हिसार में 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। वहीं उत्तराखंड में देहरादून का न्यूनतम तापमान बढ़कर 17.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। जम्मू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
किसानों के लिए सलाह
मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञ किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। गेहूं और अन्य रबी फसलों में हल्की सिंचाई करके मिट्टी की नमी बनाए रखें। सब्जी फसलों में मल्चिंग तकनीक का इस्तेमाल करें ताकि नमी सुरक्षित रहे। तेज हवाओं और आंधी की संभावना वाले क्षेत्रों में खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें।