SHE MART: करना चाहतीं हैं अपना ख़ुद का बिजनेस, इस प्लेटफॉर्म से जुड़कर लें बिजनेस की ट्रेनिंग
सरकार अब महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 'She Mart' नाम से एक नया प्लेटफॉर्म पेश कर रही है। सरकार चाहती हैं कि लड़कियाँ और महिलाएँ भी बिजनेस में आगे बढ़ें। बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं के लिए बिजनेस आधारित एक प्लेटफॉर्म की घोषणा की है। जहाँ पर आप अपना प्रोडक्ट लिस्ट भी कर पाएंगी और बेच भी पाएंगी। पढ़िए पूरी जानकारी SHE Mart के बारे में।
सरकार महिलाओं को बिजनेस में आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठा रही है। बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 'SHE MART' नाम के एक खास प्लेटफॉर्म की घोषणा की जो महिलाओं को अपना बनाया हुआ सामान सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद करेगा, जिससे बिचौलियों का झंझट खत्म होगा और वे बेहतर कमाई कर सकेंगी। इस योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और गांवों के उत्पाद बड़े शहरों तक पहुंचेंगे।
अगर आप घर पर कोई सजावटी सामान, खाने की चीजें बनाती हैं या कोई सर्विस देती हैं, और उन्हें अभी WhatsApp या Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर बेच रही हैं, या फिर अपना बिजनेस शुरू करना चाहती हैं, तो 'SHE MART' आपके लिए ही है। यह प्लेटफॉर्म बिजनेस में आने वाली कई दिक्कतों को दूर करेगा।
'SHE MART' में मिलेगी ये सुविधाएँ
'SHE MART' आपको राष्ट्रीय स्तर का एक बड़ा बाजार देगा। यहां आप सीधे खरीदारों से जुड़ सकेंगी, बिना किसी बिचौलिए के। इससे आप अपने प्रोडक्ट्स को अच्छी बचत के साथ बेच पाएँगी। सरकार की इस योजना में आपको बाजार के साथ-साथ बिजनेस शुरू करने के लिए पूंजी भी मिलेगी। साथ ही, आप अपना नेटवर्क भी बना सकेंगी, जिससे आपके बिजनेस को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद मिलेगी।
'SHE MART' से ऐसे जुड़ें
'SHE MART' का इस्तेमाल करने के लिए कुछ आसान स्टेप्स हैं।
SHG से जुड़िए- सबसे पहले आपको किसी महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) जुड़ना होगा।
CLF को बताइए- आपका SHG, अपने इलाके की CLF यानि कि (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) को बताएगा कि आप SHE Mart से जुड़ना चाहती हैं।
प्रोडक्ट की जांच होगी- CLF और SRLM (State Rural Livelihood Mission) के अधिकारी आपके बनाए सामान को देखेंगे कि-सामान अच्छा है या नहीं, मात्रा ठीक है या नहीं, बाजार में बिक सकता है या नहीं।
ट्रेनिंग मिलेगी- आपके प्रोडक्ट का चयन होने पर आपको ट्रेनिंग दी जाएगी जैसे- सामान कैसे संभालें, डिजिटल पेमेंट कैसे लें, ग्राहक से कैसे बात करें?
फाइनेंस की सुविधा- सरकार की नई फाइनेंस सुविधा से दुकान खोलने या सामान लाने के लिए लोन या मदद मिल सकेगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन- राज्य सरकार के पोर्टल (जैसे जन समर्थ) पर CLF के जरिए SHE Mart में रजिस्ट्रेशन होगा और आपको ब्रांडिंग व सपोर्ट मिलेगा।
बजट में हुई क्या घोषणा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है, "SHE-MART' योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को लोन, ट्रेनिंग और सरकारी सहयोग दिया जाएगा, इससे गांवों में बने उत्पाद बड़े शहरों तक पहुंच सकेंगे। बजट 2026 की यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।" यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बहुत बड़ा और मजबूत कदम है।
लखपति दीदी के बाद अब 'SHE-Mart'
SHE Mart के जरिए निकट भविष्य में करोड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ये पहल है। सरकार का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। 'SHE-Mart' के माध्यम से, ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को सीधे बाजार मिलेगा, जिससे वे ऐसी उद्यमी बन सकेंगी जो दूसरों के लिए रोजगार पैदा करेंगी।