Weather Alert: भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना, जानें कब और कहाँ

Gaon Connection | Mar 18, 2026, 10:10 IST
Image credit : Gaon Connection Network
भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में तो रिमझिम बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के भी आसार हैं। किसानों और-पशुपालकों के लिए विशेष सलाह जारी की गई है कि वे सावधानी बरतें।
देशभर के मौसम का हाल

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा, जिसमें पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 19-20 मार्च, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 20 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की गतिविधियाँ जारी रहेंगी।



हिमाचल प्रदेश में 18-19 मार्च और उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 19-20 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने चेताया है कि इस साल अल नीनो बन सकता है, जिससे जून–अगस्त से कमजोर मॉनसून और सूखे का खतरा बढ़ सकता है। मार्च में बर्फबारी से ठंडी हवाओं ने पहाड़ों का मौसम बदल दिया है, बद्रीनाथ धाम में सफेद चादर बिछ गई है।



इन राज्यों में चलेंगी तेज हवाएं

18 मार्च को पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्व और मध्य भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है।



बारिश वाले राज्य

उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलेंगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। दक्षिण भारत के राज्यों तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है।



दिल्ली-एनसीआर में बादल

दिल्ली-एनसीआर में 18 मार्च को आसमान सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शाम या रात के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक और 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।



उत्तर-पश्चिम भारत में 18 से 20 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी का एक नया दौर सक्रिय रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।



तापमान में गिरावट

पूर्वी भारत में फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 20 मार्च के बाद हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिम भारत में गुजरात में तापमान में गिरावट और महाराष्ट्र में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है।



किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, वहां फसलों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करें। सब्जियों और बागवानी फसलों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा दें और तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें। जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है, वहां खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित करें। पशुपालकों को सलाह है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें शेड में सुरक्षित रखें, साथ ही चारा और पानी का उचित प्रबंधन करें।

Tags:
  • Weather Alert India
  • मौसम अलर्ट
  • Heavy Rain Snowfall Hailstorm
  • भारी बारिश
  • IMD Weather Forecast