Weather Update: कई राज्यों में तेज हवाओं के चलने का अलर्ट, जानिए किसान कैसे करें फसलों का बचाव?

Gaon Connection | Mar 10, 2026, 11:13 IST
मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है! जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में बूँदाबांदी, गरज-चमक और तेज हवाओं का कहर हो सकता है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। ऐसे में किसानों को अपनी फसलों की रक्षा के लिए पूरी सतर्कता बरतने का सुझाव दिया गया है।
तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में गरज-चमक, बिजली, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे मौसम में भारतीय मौसम विभाग ने खासकर किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवा और ओले खड़ी फसलों, बागवानी और सब्जियों को नुकसान पहुँचा सकते हैं।



जम्मू-कश्मीर

9 से 12 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 10 मार्च को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। यहाँ सेब, अखरोट और अन्य बागवानी फसलों के लिए यह मौसम संवेदनशील हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि बागानों में पेड़ों को सहारा देने की व्यवस्था करें और गिरे हुए फलों या शाखाओं को तुरंत हटाएं।



हिमाचल प्रदेश

11 और 12 मार्च को कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि 11 से 15 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में सब्जी और फल उत्पादन पर इसका असर पड़ सकता है। किसानों को ग्रीनहाउस या पॉलीहाउस की संरचना को मजबूत करने और खुले खेतों में लगी सब्जियों को ढकने की सलाह दी गई है।



ओडिशा

9 मार्च को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में सब्जी और दलहनी फसलों के किसानों को खेत में पानी की निकासी ठीक रखने और खेतों में काम करते समय मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।



पश्चिम बंगाल और सिक्किम

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 13 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहने की संभावना है। वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 9 और 10 मार्च को तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान चाय बागानों और सब्जी की खेती करने वाले किसानों को सावधानी बरतने को कहा गया है।



बिहार और झारखंड

9 से 11 मार्च के बीच गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस समय इन राज्यों में गेहूं, चना, मसूर और सरसों जैसी रबी फसलें खेतों में खड़ी हैं। तेज हवा और ओले पड़ने से इन फसलों के गिरने या दानों को नुकसान होने का खतरा है। किसानों को सलाह दी गई है कि पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर लें, खेत में कटी फसल को ढककर रखें और सब्जी की फसलों के लिए सहारा (स्टेकिंग) की व्यवस्था करें।



तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं, बड़े पेड़ उखड़ सकते हैं और सूखी टहनियां उड़कर नुकसान पहुंचा सकती हैं। इससे बिजली और संचार लाइनों को भी क्षति पहुंचने का खतरा रहता है। ओलावृष्टि होने पर लोगों और पशुओं को चोट लगने की भी आशंका रहती है।



खराब मौसम में कैसे रखें ख्याल

लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। खुले मैदान, जलाशयों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। किसानों को खेत में काम करते समय मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।

Tags:
  • Weather Update
  • मौसम अपडेट
  • Hailstorm
  • ओलावृष्टि
  • Strong Winds
  • Strong Winds and Hailstorms
  • imd weather update
  • तेज हवाओं में फसलों की सुरक्षा