PM-SYM: अगर आपके पास नहीं है पक्की नौकरी तो कर लें ये जरूरी काम, हर महीने मिलेगी ₹3000 की पेंशन, जानें तरीका
भारत में करोड़ों लोगों के पास पक्की नौकरी नहीं है और असंगठित क्षेत्रों में काम करते हैं. ऐसे करोड़ों श्रमिकों के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (PM-SYM) योजना एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है। यह योजना उन कामगारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जिनके पास बुढ़ापे में आय का कोई स्थायी साधन नहीं होता। लगभग 42 करोड़ असंगठित श्रमिक—जैसे रेहड़ी-पटरी विक्रेता, खेतिहर मजदूर, निर्माण श्रमिक, घरेलू कामगार और रिक्शा चालक—इस योजना के दायरे में आते हैं। PM-SYM योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार देती है। यह उन्हें बुढ़ापे में आर्थिक सहारा और आत्मनिर्भर जीवन जीने का भरोसा प्रदान करती है।
क्या है योजना और कैसे मिलता है लाभ
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन एक स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है। इसमें शामिल होने के बाद लाभार्थी को 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर हर महीने ₹3000 की सुनिश्चित पेंशन मिलती है। यह राशि सीधे बैंक खाते में जमा होती है, जिससे बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है। अगर लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके जीवनसाथी को पेंशन का 50% हिस्सा परिवार पेंशन के रूप में मिलता है।
कितना करना होगा निवेश
इस योजना में 18 से 40 वर्ष की आयु के लोग आवेदन कर सकते हैं। इसमें हर महीने ₹55 से ₹200 तक का योगदान करना होता है, जो उम्र के अनुसार तय होता है। यह राशि 60 वर्ष की आयु तक जमा करनी होती है, जिसके बाद पेंशन शुरू हो जाती है।
कौन उठा सकता है फायदा
यह योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए है। इसमें घर आधारित श्रमिक, रेहड़ी-पटरी विक्रेता, मिड-डे मील कार्यकर्ता, सामान ढोने वाले मजदूर, ईंट भट्ठा मजदूर, मोची, कचरा बीनने वाले, घरेलू कामगार, धोबी, रिक्शा चालक, भूमिहीन मजदूर, स्वयं का काम करने वाले श्रमिक, कृषि मजदूर, निर्माण श्रमिक, बीड़ी मजदूर, हथकरघा श्रमिक, चमड़ा उद्योग से जुड़े श्रमिक, ऑडियो-विजुअल क्षेत्र के कामगार और अन्य समान कार्यों से जुड़े लोग शामिल हैं।
हालांकि, जो लोग EPFO, NPS या ESIC जैसी योजनाओं से जुड़े हैं या आयकरदाता हैं, वे इसका लाभ नहीं ले सकते।
जरूरी दस्तावेज और शर्तें
योजना में आवेदन के लिए आधार कार्ड और बैंक खाता (जनधन या बचत खाता) होना जरूरी है। साथ ही आवेदक की मासिक आय ₹15,000 या उससे कम होनी चाहिए।
कैसे करें आवेदन
इस योजना में जुड़ना आसान है, लेकिन ज्यादातर प्रक्रिया ऑफलाइन होती है। इसके लिए आपको नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाना होगा, जहां आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी देनी होती है। वहां आपका रजिस्ट्रेशन किया जाता है और ऑटो-डेबिट सुविधा सेट कर दी जाती है, जिससे हर महीने तय राशि अपने आप खाते से कटती रहती है। इसके बाद आपको एक पेंशन कार्ड भी जारी किया जाता है।
ध्यान रखें कि यह योजना तभी फायदेमंद है जब आप नियमित रूप से योगदान करते रहें। बीच में पैसा जमा करना बंद करने पर योजना से बाहर होना पड़ सकता है और पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। साथ ही ₹3000 की पेंशन तय है, जो भविष्य में महंगाई के हिसाब से कम भी लग सकती है।