गाँव में रहते हैं तो हर महीने सिर्फ 500 रुपये बचाइए…और बना सकते हैं 50 लाख से ज्यादा का फंड! जानिए कैसे
गाँव में रहने वाला आदमी मेहनत सबसे ज्यादा करता है। कोई दूध बेचता है, कोई खेती करता है, कोई मजदूरी या छोटी दुकान चलाकर परिवार संभालता है। लेकिन ज्यादातर लोगों की एक ही परेशानी रहती है- “कमाई तो हो जाती है, लेकिन पैसा बचता नहीं… और जो बचता है वो बढ़ता भी नहीं।” इसी बीच आजकल एक शब्द हर जगह सुनाई देता है SIP। ऐसे में गाँव और छोटे शहरों के लोगों के मन में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर ये SIP है क्या और क्या सच में छोटे पैसे से बड़ा फंड बनाया जा सकता है?
क्या है SIP
दरअसल SIP यानी Systematic Investment Plan, म्यूचुअल फंड में थोड़ा-थोड़ा पैसा नियमित निवेश करने का तरीका है। इसमें हर महीने छोटी रकम जमा की जाती है और लंबे समय तक निवेश जारी रखा जाता है। यही छोटा पैसा समय के साथ बड़ा फंड बन सकता है।
सिर्फ 500 रुपये महीने से बन सकता है बड़ा फंड
अगर कोई व्यक्ति हर महीने सिर्फ 500 रुपये SIP में निवेश करे, औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिले और निवेश लगातार 39 साल तक जारी रखा जाए, तो करीब 52.67 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने सालों में निवेशक अपनी जेब से कुल करीब 2 लाख 34 हजार रुपये ही लगाएगा, जबकि बाकी रकम कंपाउंडिंग और रिटर्न से जुड़ती जाएगी।
आखिर कंपाउंडिंग होती क्या है?
गाँव के लोग इसे खेती के उदाहरण से आसानी से समझ सकते हैं। जैसे खेत में एक बीज बोया जाता है और उससे कई दाने निकलते हैं। फिर उन्हीं दानों से और बड़ी फसल तैयार होती है। ठीक वैसे ही निवेश में आपका पैसा बढ़ता है। पहले आपके पैसे पर रिटर्न मिलता है, फिर उस रिटर्न पर भी रिटर्न मिलने लगता है। लंबे समय में यही कंपाउंडिंग छोटे निवेश को लाखों रुपये में बदल सकती है।
जल्दी शुरुआत करने वालों को ज्यादा फायदा
विशेषज्ञों का कहना है कि SIP में सबसे बड़ी ताकत समय की होती है। जो व्यक्ति कम उम्र में निवेश शुरू करता है, उसे कंपाउंडिंग का ज्यादा फायदा मिलता है। अगर कोई युवा 21 साल की उम्र से हर महीने 500 रुपये निवेश करना शुरू करे और 60 साल की उम्र तक जारी रखे, तो रिटायरमेंट तक उसके पास 50 लाख रुपये से ज्यादा का फंड बन सकता है।
गाँव में रहने वाले लोग भी आसानी से शुरू कर सकते हैं SIP
अब SIP शुरू करने के लिए बड़े शहर में रहने की जरूरत नहीं है। मोबाइल फोन और इंटरनेट के जरिए गाँव में बैठकर भी SIP शुरू की जा सकती है।
आज कई मोबाइल ऐप और बैंकिंग प्लेटफॉर्म पर:
- KYC ऑनलाइन हो जाती है
- बैंक अकाउंट लिंक हो जाता है
- हर महीने पैसा अपने आप कट जाता है
सबसे बड़ी बात यह है कि SIP की शुरुआत 100 रुपये, 200 रुपये या 500 रुपये जैसी छोटी रकम से भी हो सकती है।
बिना समझे निवेश करना ठीक नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि SIP कोई रातों-रात अमीर बनने का तरीका नहीं है। इसमें शेयर बाजार का जोखिम जुड़ा रहता है और बाजार ऊपर-नीचे होता रहता है।
इसलिए:
- पहले निवेश को समझना जरूरी है
- जरूरत का पैसा अलग रखना चाहिए
- लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहिए
- छोटी रकम से शुरुआत करनी चाहिए
डिस्क्लेमर: 'गाँव कनेक्शन' किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।