विज्ञान व प्रौद्योगिकी से आम लोगों को जोड़ने की पहल है राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान संगोष्ठी-2022
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से आम लोगों को जोड़ने के लिए उन्हें इस क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी दिया जाना जरूरी है। विज्ञान आउटरीच कार्यक्रम इस उद्देश्य को पूरा करने में मदद करते हैं। राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान संगोष्ठी (एनएसएसएस) एक ऐसी ही पहल है। इस संगोष्ठी के वर्ष 2022 संस्करण का आयोजन भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) कोलकाता में किये जाने की घोषणा की गई है।
इस संगोष्ठी के आयोजन के दौरान आम लोगों और छात्रों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें छात्रों के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिताएं विशेष रूप से शामिल हैं। सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन स्पेस साइंसेज इंडिया (सीईएसएसआई), आईआईएसईआर कोलकाता और आउटरीच कमेटी, एनएसएसएस-2022 द्वारा जारी एक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर सार्वजनिक वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर कोलकाता के साइंस सिटी में एक अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी भी लगायी जा रही है। वैज्ञानिकों से संवाद इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगा। संगोष्ठी के सार्वजनिक जुड़ाव कार्यक्रम के घटक के रूप में, छात्रों के लिए अंतरिक्ष थीम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिता और पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल है।
वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिताओं में कक्षा 9-12 के छात्रों और स्नातक छात्रों के लिए अलग-अलग श्रेणियां हैं। लघु वीडियो बनाने या वैज्ञानिक अवधारणा को कलात्मक व्याख्या के जरिये समझाने के लिए विषयों की एक सूची में से छात्र अपने पसंदीदा विषय चुन सकते हैं। प्री-प्राइमरी और प्राथमिक स्कूल के बच्चों के लिए विभिन्न अंतरिक्ष विषयों पर पेंटिंग और ड्राइंग प्रतियोगिताएं अलग-अलग आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक स्कूल अपने छात्रों में से अधिकतम 05 पेंटिंग का चयन कर सकता है और उन सभी का एक कोलाज जमा कर सकता है। विजेताओं को इसरो से जुड़ी यादगार वस्तुएं भेंट की जाएंगी।
वीडियो, पोस्टर और पेंटिंग प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी है, जिसके लिए ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध हैं। देश भर से प्रतिभागी इन प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकते हैं। संगोष्ठी और इससे संबंधित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर मिल सकती है। सभी प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण और आवेदन फॉर्म http://www.cessi.in/nsss/Outreach.html पर उपलब्ध हैं।