PMEGP: गाँव में शुरू करें ये बिजनेस, सरकार भारी सब्सिडी के साथ दे रही ₹25 लाख तक लोन, ऐसे करें आवेदन
अगर आप अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पैसों की कमी हर बार आपके सपनों को रोक देती है, तो अब आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार की एक ऐसी योजना है, जिसमें आपको न सिर्फ बैंक से लोन मिलता है, बल्कि उस पर मोटी सब्सिडी भी दी जाती है। खास बात यह है कि यह योजना खासतौर पर उन युवाओं के लिए बनाई गई है, जो नौकरी की तलाश छोड़कर खुद का काम शुरू करना चाहते हैं।
दरअसल, सरकार की यह पहल ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ (PMEGP) के नाम से जानी जाती है। यह एक क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी योजना है, जिसके जरिए नए सूक्ष्म उद्योग और छोटे व्यवसाय स्थापित करने में मदद दी जाती है। यह योजना पुराने समय की PMRY और REGP योजनाओं को मिलाकर शुरू की गई थी और अब इसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के तहत लागू किया जा रहा है।
क्या है इस योजना की खासियत?
PMEGP का मकसद सिर्फ लोन देना नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसके तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में युवाओं को अपने ही इलाके में काम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि उन्हें शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। साथ ही पारंपरिक कारीगरों और बेरोजगार युवाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जाती है।
कितनी मिलती है सब्सिडी?
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी सब्सिडी है। सामान्य वर्ग के लोगों को शहरी क्षेत्र में 15% और ग्रामीण क्षेत्र में 25% तक सब्सिडी मिलती है। वहीं, विशेष श्रेणी जैसे SC, ST, OBC, महिलाएं और अल्पसंख्यक वर्ग को शहरी क्षेत्रों में 25% और ग्रामीण क्षेत्रों में 35% तक की सब्सिडी मिलती है। लाभार्थी को केवल 5% से 10% तक अपनी ओर से निवेश करना होता है, जबकि बाकी रकम बैंक लोन के रूप में देता है।
कितना बड़ा बिजनेस शुरू कर सकते हैं?
PMEGP के तहत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 25 लाख रुपये तक और सर्विस सेक्टर में 10 लाख रुपये तक का प्रोजेक्ट शुरू किया जा सकता है। हालांकि, व्यापक प्रावधानों के तहत बड़ी परियोजनाओं के लिए 50 लाख (मैन्युफैक्चरिंग) और 20 लाख (सेवा क्षेत्र) तक की सीमा भी निर्धारित की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के लिए 18 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। खास बात यह है कि इसमें आय की कोई सीमा नहीं रखी गई है। हालांकि, बड़े प्रोजेक्ट के लिए कम से कम 8वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह (SHGs), ट्रस्ट और पंजीकृत संस्थाएं भी इसमें आवेदन कर सकती हैं। ध्यान रहे कि यह योजना केवल नए बिजनेस के लिए है, पहले से चल रहे व्यवसाय इसके तहत पात्र नहीं होंगे।
किन क्षेत्रों में शुरू कर सकते हैं काम?
इस योजना के तहत आप कई तरह के बिजनेस शुरू कर सकते हैं, जैसे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग, ब्यूटी पार्लर, रिपेयरिंग शॉप और अन्य छोटे व्यवसाय। यानी अगर आपके पास कोई भी आइडिया है, तो उसे हकीकत में बदलने का मौका यहां मिलता है।
कैसे करें आवेदन?
PMEGP योजना के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, अपने प्रोजेक्ट की रिपोर्ट अपलोड कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके बाद इंटरव्यू या स्क्रीनिंग होती है और बैंक लोन को मंजूरी देता है। लोन मिलने के बाद सब्सिडी सीधे बैंक के माध्यम से एडजस्ट कर दी जाती है।
कुल मिलाकर, PMEGP योजना उन युवाओं के लिए एक बड़ा मौका है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने दम पर कुछ शुरू करना चाहते हैं। सही जानकारी और योजना के साथ यह स्कीम आपके बिजनेस के सपनों को हकीकत में बदल सकती है।