यूपी बजट 2024: पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाएँगे कई जिले, महाकुंभ के लिए विशेष बजट

गाँव कनेक्शन | Feb 05, 2024, 08:43 IST
Share
पर्यटन को बढ़ावा देने की ख़ास कोशिश की गई है। प्रदेश के कई शहरों को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए अलग से बजट का आवंटन किया गया है।
up budget 2024
यूपी बजट 2024: पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाएँगे कई जिले
महाकुम्भ, 2025 के अन्तर्गत विभिन्न कामों के लिए 100 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है।

निषाद राज गुहा सांस्कृतिक केन्द्र, श्रृंगवेरपुर की स्थापना के लिए 14.68 करोड़ रुपये, जनपद आज़मगढ़ के हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय की स्थापना के लिए 11.79 करोड़ रुपये और महर्षि वाल्मीकि सांस्कृतिक केन्द्र चित्रकूट की स्थापना के लिए 10.53 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।

अन्तर्राष्ट्रीय रामायण और वैदिक शोध संस्थान अयोध्या के लिए 10 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।

अयोध्या जिले में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण काम के चलते भारी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है, इसलिए यहाँ तक जाने वाले तीन प्रमुख रास्तों चौड़ीकरण/सौन्दर्यीकरण का काम छह स्थानों पर पार्किग और जन सुविधाओं का विकास काम किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में साल 2023 में जनवरी से अक्टूबर तक 37 करोड़ 90 लाख से अधिक पर्यटक आए, जिनमें भारतीय पर्यटकों की संख्या लगभग 37 करोड़ 77 लाख और विदेशी पर्यटकों की संख्या लगभग 13 लाख 43 हजार है।

हर साल की तरह इस बार भी भी अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन वृहद स्तर पर किया गया। इस अवसर पर राम की पैड़ी पर 22 लाख 23 हजार दीप जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से गंगा नदी तक के मार्ग के विस्तारीकरण/सौन्दर्यीकरण के पश्चात श्रद्धालुओं की संख्या में 4 से 5 गुना की बढोत्तरी हुई है।

अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, लखनऊ, विन्ध्याचल, प्रयागराज, नैमिषारण्य, गोरखपुर, मथुरा, बटेश्वर धाम, गढ़मुक्तेश्वर, शुकतीर्थ धाम, माँ शाकुम्भरी देवी, सारनाथ और अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का पर्यटन विकास व सौन्दर्यीकरण के कार्य कराये जा रहे हैं।

'मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना' के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक पर्यटन स्थल को विकसित किए जाने की योजना है।

मिर्जापुर जिले में विन्ध्याचल स्थित त्रिकोणीय क्षेत्र में माँ विन्ध्यवासिनी मंदिर, माँ अष्टभुजा मंदिर, मां कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले त्रिकोण संरेखण में आने वाले रास्तों और जन सुविधाओं के लिए काम चालू है।

Tags:
  • up budget 2024