Union Budget 2026-27: कैंसर और गंभीर बीमारियों की इन दवाओं पर कस्टम ड्यूटी खत्म, इलाज होगा सस्ता
Feb 01, 2026, 17:20 IST
Budget 2026 Highlights: यूनियन बजट 2026-27 ने गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए नई रोशनी बिखेरी है। कैंसर समेत सात अन्य गंभीर बीमारियों की दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटाने से, इन दवाओं की लागत में कमी आएगी। इससे इलाज की पहुँच अधिक लोगों तक होगी। यह कदम लाखों मरीजों के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ने घोषणा की है कि सरकार ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 17 महत्वपूर्ण दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी पूरी तरह से हटा दी है। ये दवाएं अक्सर बाहर से मंगाई जाती हैं और इन पर लगने वाले भारी टैक्स की वजह से मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। अब टैक्स खत्म होने से इन दवाओं की कीमतों में सीधी कमी आएगी। यह राहत सिर्फ कैंसर तक सीमित नहीं है। बजट में 7 अन्य गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज में काम आने वाली दवाओं और विशेष पोषण उत्पादों पर भी कस्टम ड्यूटी से छूट दी गई है। इससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें इलाज के लिए महंगी दवाएं विदेश से मंगवानी पड़ती थीं।
किन दवाओं पर हटा टैक्स
इस फैसले से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली टार्गेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी की कई महत्वपूर्ण दवाएं अब सस्ती मिलेंगी। इनमें Ribociclib, Abemaciclib, Venetoclax, Ceritinib, Brigatinib, Darolutamide, Ponatinib, Ibrutinib, Dabrafenib, Trametinib, Ipilimumab, Talycabtagene autoleucel, Tremelimumab, Toripalimab, Serplulimab, Tislelizumab, और Inotuzumab ozogamicin जैसी दवाएं शामिल हैं।
कम होगा महंगी दवाओं केा बोझ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि-इस फैसले से कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज कम खर्चीला होगा। मरीजों को इलाज पर होने वाले अपने खर्च में कमी दिखेगी और लंबे समय तक चलने वाले इलाज के दौरान आर्थिक दबाव भी कम होगा। यह कदम सरकार की उस बड़ी स्वास्थ्य नीति का हिस्सा है जिसका लक्ष्य जीवनरक्षक दवाओं को सभी के लिए सुलभ बनाना, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और भारत को मेडिकल और बायोफार्मा के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। Union Budget 2026 में लिया गया यह फैसला उन लाखों मरीजों के लिए उम्मीद की एक नई किरण है जो महंगी दवाओं के बोझ तले दबे हुए हैं।
दुर्लभ बीमारियों की दवाएं हुई टैक्स फ्री
इसके अलावा, दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए भी राहत की खबर है। Congenital Hyperinsulinemic Hypoglycemia (CHI), Familial Homozygous Hypercholestrolemia, Alpha Mannosidosis, Primary Hyperoxaluria, Cystinosis, Hereditary Angioedema, और Primary Immune Deficiency Disorders जैसी बीमारियों की दवाएं भी कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दी गई हैं।
'आउट-ऑफ-पॉकेट' खर्च में भी बड़ी बचत
इस कदम से न केवल मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से मदद मिलेगी, बल्कि लंबे इलाज वाले मरीजों के 'आउट-ऑफ-पॉकेट' खर्च में भी बड़ी बचत होगी। सरकार का लक्ष्य भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना और जीवन रक्षक दवाओं को आम आदमी की पहुंच में लाना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह पहल भारत के हेल्थ सेक्टर को मजबूत करने और जीवन रक्षक दवाओं की पहुंच आम आदमी तक सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। Budget 2026 के इस ऐलान से भारत में सिर्फ इलाज सस्ता नहीं होगा, बल्कि मरीजों की जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा।