WEST BENGAL ELECTION 2026: नक्सलबाड़ी में भारत-नेपाल बॉर्डर पर खुला रास्ता! ग्राउंड रिपोर्ट में दिखी आवाजाही, बांग्लादेशी घुसपैठ पर बड़े सवाल

Gaon Connection | Apr 18, 2026, 13:56 IST
Image credit : Gaon Connection Network
पश्चिम बंगाल में भारत-नेपाल सीमा पर घुसपैठ का मुद्दा गरमाया हुआ है। नक्सलबाड़ी में जमीनी हकीकत बताती है कि लोग आसानी से सीमा पार करते हैं। नेपाली महिलाएं सब्जी खरीदने भारत आती हैं। यह खुलापन सुरक्षा के लिए चुनौती पेश करता है। सीमा पर आवाजाही सामान्य है, लेकिन यह राजनीतिक बहस को तेज करती है।
भारत नेपाल बॉर्डर पर 'गाँव कनेक्शन'

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरम है और घुसपैठ का मुद्दा भी लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच 'गाँव कनेक्शन' की टीम दार्जिलिंग जिले के नक्सलबाड़ी में भारत-नेपाल सीमा पर पहुंची और ज़मीनी हकीकत को करीब से समझने की कोशिश की। सवाल था—आखिर सीमा पार करना कितना आसान है और स्थानीय लोग इसे कैसे देखते हैं? वहां की हकीकत कुछ अलग ही नजर आई, जहां लोग रोजमर्रा की जिंदगी में बिना ज्यादा रोक-टोक के सीमा पार करते दिखे।



घुसपैठ के आरोप

टीम नक्सलबाड़ी के पास भारत-नेपाल बॉर्डर पर मेची नदी तक पहुंची। यहां एक तरफ नेपाल है और दूसरी तरफ भारत। बीच में खड़े होकर साफ समझ आता है कि सीमा पार करना कितना आसान है। यही वजह है कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि बांग्लादेशी नागरिक नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करते हैं और यहां की स्थिति उस दावे को काफी हद तक समझने में मदद करती है।



स्थानीय निवासी बोले—रास्ता खुला है, आना-जाना आसान है

Image credit : Gaon Connection Network


सीमा के पास बेंगाजोत (नक्सलबाड़ी) के रहने वाले रॉबिन बताते हैं, “हम बचपन से यहां आते-जाते रहे हैं। नदी में नहाने, खेलने के लिए आते थे। यहां दिन में तो लोग दिख जाते हैं, इसलिए सावधानी रहती है, लेकिन शाम ढलते ही आवाजाही बढ़ जाती है।” वह आगे कहते हैं, “अगर कोई गलत काम करता है तो वो रात में ही करेगा। दिन में तो सब सामान्य रहता है। भारत और नेपाल का बॉर्डर खुला है, कहीं भी कड़ी दीवार या बाड़ नहीं है, इसलिए यहां से आना-जाना आसान है।" रोमानंद का दावा है कि कुछ मामलों में बाहरी लोगों को पकड़ा भी गया है। उन्होंने बताया, “पुल के रास्ते दो-तीन बार चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों को पकड़ा गया है, लेकिन इस नदी वाले हिस्से में ऐसी कोई बड़ी जानकारी नहीं मिली।”



खुला बॉर्डर और सुरक्षा की चुनौती

रॉबिन मानते हैं कि दोनों देशों के बीच दोस्ताना संबंधों के कारण सीमा काफी हद तक खुली है। वह कहते हैं“अगर यहां तारबंदी हो जाए तो शायद स्थिति बदल सकती है, लेकिन अभी तो रास्ता खुला है।" उनके अनुसार, यहां सुरक्षा बल नजर रखते हैं, लेकिन रात में गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे निगरानी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।



सब्जी खरीदने भारत आईं नेपाली महिलाएं

नेपाल से भारत आईं कुसुम और स्वस्तिका से भी टीम ने बातचीत की। वे सब्जी खरीदकर वापस जा रही थीं। कुसुम नामक महिला बताती हैं, “हम दो-तीन घंटे पहले आए थे, सब्जी खरीदने। हफ्ते में एक-दो बार आ जाते हैं, खासकर शनिवार और मंगलवार को।” वहीं, उनके साथ मौजूद स्वस्तिका कहती हैं, “टमाटर, प्याज जैसी चीजें लेने आते हैं। कभी-कभी चेकिंग होती है, कभी नहीं। दारू जैसी चीजें नहीं लाने देते, लेकिन सब्जी ले जाने देते हैं।”



उन्होंने यह भी बताया कि भारत और नेपाल के लोग एक-दूसरे के बाजारों पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा, “इधर से खाद-बीज जैसे यूरिया और डीएपी भी लोग ले जाते हैं, और रोजमर्रा का सामान अक्सर भारत से ही खरीदते हैं।”



Image credit : Gaon Connection Network


बिना दस्तावेज भी आसान आवाजाही

महिलाओं के मुताबिक, सीमा पार करने के लिए हर बार दस्तावेज नहीं मांगे जाते। उन्होंने बताया, “कभी-कभी पूछताछ होती है, लेकिन ज्यादातर समय आसानी से आना-जाना हो जाता है।" वे कहती हैं कि उनका घर नेपाल में ही है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारत आना आम बात है। कुसुम ने कहा,“दो-तीन घंटे में आकर सामान ले जाते हैं और वापस चले जाते हैं।"



Image credit : Gaon Connection Network


जमीनी सच्चाई: आसान रास्ता, बड़े सवाल

यह ग्राउंड रिपोर्ट दिखाती है कि भारत-नेपाल सीमा पर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में आवाजाही बेहद सामान्य है। लेकिन यही खुलापन सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को भी जटिल बना देता है। सीमा पर खड़े होकर यह साफ महसूस होता है कि यहां से पार जाना मुश्किल नहीं है और यही बात राजनीतिक बहस को और तेज कर देती है।

Tags:
  • India Nepal border
  • Naxalbari border news
  • Bangladesh infiltration route
  • ground report border
  • गांव कनेक्शन ग्राउंड रिपोर्ट
  • Bengalelections2026
  • BengalelectionswithGaonconnection
  • Bengalchapter
  • Assembly Elections 2026
  • SIR