योग दिवस पर किसानों ने कलेक्ट्रेट में किया शव आसन

Khadim Abbas Rizvi | Jun 22, 2017, 15:48 IST

स्वयं प्रोजेक्ट डेस्क



जौनपुर। बुधवार को एक ओर जहां पूरा विश्व योग दिवस के मौके पर योग कर रहा था, तो वहीं दूसरी ओर किसानों ने मध्य प्रदेश में मारे गए किसानों के लिए विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान जौनपुर कलेक्ट्रेट में जमा हुए और वहां शव आसन करके अपना विरोध जताया। इस दौरान डीएम सर्वज्ञ नारायण मिश्र को राष्ट्रपति के नाम संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।



विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष राजनाथ यादव ने कहा , ‘बुधवार को किसानों का प्रदर्शन मध्य प्रदेश में मारे गए किसानों के लिए है। विरोध प्रदर्शन कर रहे जिन किसानों को मारा गया। यह कतई बर्दाश्त करने वाली बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की वजह से किसानों को गोली लगी और वह मारे गए। उन्हें सजा मिलनी चाहिए।जब तक वह सलाखों के पीछे नहीं होंगे, किसान यूनियन इस तरह से प्रदर्शन करती रहेगी।’’



प्रदर्शन के दौरान काफी तदाद में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। सुबह दस बजे किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया। सबसे पहले सांकेतिक तौर पर शव आसन किया। इसके बाद करीब दिन में दो बजे तक धरना प्रदर्शन करते रहे। किसानों ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों पर फायरिंग के जिम्मेदार अधिकारियों पर केस हो। गोली कांड की सीबीआई से जाँच कराई जाए। स्वामी नाथ रिपोर्ट लागू हो।किसानों का हर तरह का कर्जा माफ किया जाए। कानपुर और कूसीनगर में प्रदर्शन के दौरान जेल में बंद किए गए किसानों को रिहा किया जाए। कृषी आयात पर प्रतिबंध लगाया जाए।



Tags:
  • योग
  • जौनपुर समाचार
  • International yoga day 2017
  • yoga news
  • अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस