जानिए किस तरह किसानों के लिए मददगार साबित हो रहें खेती संबंधित मोबाइल ऐप

Divendra Singh | Mar 15, 2018, 12:40 IST

लखनऊ। किसान आज तेजी से सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए खेती-किसानी की जानकारी बटोर रहे हैं और उन्हें अपनी खेती में उपयोग कर मोटा मुनाफा भी कमा रहे हैं। कृषि विज्ञान केन्द्र, अंबेडकरनगर के वैज्ञानिक डॉ. रवि प्रकाश मौर्य कहते हैं, “अब ज्यादातर किसानों के घर में स्मार्ट फोन हैं, ऐसे में कृषि संबंधित ऐप उनके लिए मददगार साबित हो रहे हैं, इससे उन्हें कृषि की जानकारियां मिलती रहती हैं।”

गाँव कनेक्शन ऐप

गाँव कनेक्शन ऐप मोबाइल ऐप असल में ‘गाँव कनेक्शन’ अखबार है। किसान गाँव कनेक्शन ऐप गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड कर सकते हैं, इसके माध्यम से किसानों खेती-बाड़ी संबंधित सारी जानकरियां मिलती रहेंगी। प्रदेश ही नहीं पूरी दुनिया में कृषि संबंधित क्या नए शोध हो रहे हैं, इसमें सारी जानकारियां मिल जाती हैं। मौसम के हिसाब से किसान क्या खेती कर सकते हैं, उसका बाजार कहां मिलेगा सब जानकारी मिलती रहेगी। किसान विशेषज्ञों की सही सलाह से किसान अपनी फसलों में बेहतर उत्पादन के साथ-साथ ज्यादा मुनाफा भी कमा सकते हैं।

एम किसान मोबाइल ऐप

‘एम किसान मोबाइल ऐप’ किसान के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रहा है। इस मोबाइल ऐप के जरिए किसान खेती-किसानी से जुड़े अपने किसी भी तरह के सवालों का जवाब किसान विशेषज्ञों से पा सकते हैं। किसान विशेषज्ञों की सही सलाह से किसान अपनी फसलों में बेहतर उत्पादन के साथ-साथ ज्यादा मुनाफा भी कमा सकते हैं। इतना ही नहीं, किसान इस ऐप के जरिए लाइव विशेषज्ञों से बात भी कर सकते हैं। यह मोबाइल ऐप किसान एम-किसान पोर्टल पर पंजीकरण कर डाउनलोड कर सकते हैं।

शेतकारी मासिक मोबाइल ऐप

शेतकारी मासिक मोबाइल एप असल में ‘शेतकारी मासिक’ पत्रिका है। यह पत्रिका कृषि विभाग महाराष्ट्र की ओर से पिछले 51 वर्षों से प्रकाशित की जा रही है। यह एक लोकप्रिय पत्रिका है। इस शेतकारी मासिक मोबाइल ऐप को एक बार डाउनलोड करने पर खेती-किसानी से जुड़ी आप जानकारी पा सकते हैं। अच्छी बात यह है कि एक बार डाउनलोड किए जाने के बाद इसे बिना इंटरनेट कनेक्शन से भी पढ़ा जा सकता है और किसान उपयुक्त जानकारी पा सकते हैं।

फार्म ओ पीडिया ऐप

इस मोबाइल ऐप से भारत में किसान व्यापारी और किसान बिना किसी शुल्क के नवीनतम मूल्यों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप मंडी में कीमत पता लगाने के लिए बेहद उपयुक्त ऐप है और इसका किसानों समेत अन्य सभी लोगों द्वारा भी उपयोग किया जा सकता है। इस ऐप के डाउनलोड करने से किसानों को कृषि बाजार में उतार-चढ़ाव के बारे में जानकारी मिलती है। यह मोबाइल ऐप हिन्दी, गुजराती और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। जल्द ही यह मोबाइल ऐप तेलगू, तमिल और बंगाली में भी उपलब्ध होगा।

ऐग्री पोर्टल ऐप

इस मोबाइल ऐप के जरिए किसान अपने मिट्टी और मौसम के अनुसार उपयुक्त फसल का चुनाव, फसलवार जानकारी, अपने क्षेत्र में मौसम के बारे में और अपने मवेशियों को संभालने के बारे में जानकारी दी गई है। यह मोबाइल ऐप भी किसानों के लिए उपयोगी है। यह ऐप अभी अंग्रेजी और गुजराती भाषा में उपलब्ध है। सीडैक, मुंबई की ओर से विकसित यह ऐप ग्रामीणों के लिए बहुभाषी ऐप है।

किसान सुविधा ऐप

किसानों के लिए एक मोबाइल एप किसान सुविधा भी बहुत उपयोगी है। इस एप के जरिए किसान अगले पांच दिनों के मौसम की जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा किसान व्यापारी, बाजार में कीमतों, कृषि परामर्श, पौध सरंक्षण और आईपीएम आचरण समेत कई जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। मौसम की जानकारियों के साथ निकटतम क्षेत्र में बाजार मूल्यों के बारे में इस एप से पता किया जा सकता है।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।