IMD Alert: राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, ओलावृष्टि के बाद अब सूखे और गर्मी का खतरा! अगले 3-4 दिन में बढ़ेगा पारा
राजस्थान के किसानों पर मौसम ने एक साथ दोहरी मार कर दी है। पहले बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी और कटी फसलों को तबाह कर दिया, और अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तेज गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है। ऐसे हालात में किसानों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। India Meteorological Department (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के मुताबिक राज्य में बारिश के बाद अब एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि तापमान में 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कहा, “पिछले 24 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें डीग में सर्वाधिक 21 मिमी वर्षा हुई। आगामी एक सप्ताह में अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।”
तापमान में उछाल, गर्मी बढ़ने के संकेत
विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वर्तमान में राज्य का अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.2°C और न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 14.1°C दर्ज किया गया है।
हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 और 11 अप्रैल को बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
फसलों को भारी नुकसान, किसानों में मायूसी
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ और रायसिंहनगर में गेहूं और सरसों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। वहीं जैसलमेर के नाचना क्षेत्र में जीरा और इसबगोल जैसी नकदी फसलें लगभग नष्ट हो गई हैं।
कई किसानों ने कटाई के बाद फसल खेतों में ही रखी थी, लेकिन अचानक आई इस आपदा ने उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। ओलों की मार से गेहूं के दाने झड़ गए और सरसों की फलियां टूट गईं।
आगे राहत की उम्मीद कम
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश के आसार कम हैं और राज्य में सूखे हालात बने रहेंगे। ऐसे में पहले से नुकसान झेल रहे किसानों के सामने अब उत्पादन और आय दोनों को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है।