मणिपुर में आर्थिक नाकेबंदी के लिए कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार: जावड़ेकर

गाँव कनेक्शन | Jan 25, 2017, 17:12 IST
Share
नई दिल्ली (भाषा)। कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति कर रही है और मणिपुर में आर्थिक नाकेबंदी के लिए जिम्मेदार है। यह आरोप आज केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने लगाया और कहा कि राज्य के लोग उसके खेल को देख रहे हैं और वे भाजपा की सरकार चुनेंगे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजमार्गों पर आर्थिक नाकेबंदी के कारण मणिपुर के लोग पीडित हैं। सामान की ढुलाई बंद है और सेवाएं बाधित हैं और कीमतें आसमान छू रही हैं। कांग्रेस और मुख्यमंत्री इबोबी सिंह इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं।'' मणिपुर के भाजपा प्रभारी जावड़ेकर ने कहा कि तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस का खेल मणिपुर के लोगों को ‘‘बांटना'' और चौथी बार राज्य पर शासन करना है। उन्होंने कहा कि यह संभव नहीं होगा क्योंकि लोगों ने कांग्रेस का खेल देख लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव से पहले वे लोगों को बांटते हैं, वे राज्य पर शासन नहीं करते इसे लूटते हैं। इसलिए हमें विश्वास है कि इस बार लोग इबोबी सिंह की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और BJP की सरकार चुनेंगे।''

Tags:
  • congress
  • New Delhi
  • Union Minister Prakash Javadekar
  • Manipur
  • economic blockade