तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, रुझानों में बहुमत के करीब विजय 'थलपति' की TVK; 8 ग्राम सोना और ₹2500/माह के वादों ने जीता भरोसा!

Umang | May 04, 2026, 16:58 IST
तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़ आ रहा है। अभिनेता से नेता बने जोसेफ सी विजय की पार्टी TVK चुनाव में बड़ी बढ़त बनाए हुए है। रुझानों के अनुसार, TVK बहुमत के करीब है और राज्य में सत्ता परिवर्तन की ओर बढ़ रही है। आइये जानते हैं कि किन दावों ने विजय की पार्टी को सहारा दिया?

अभिनेता से नेता बने जोसेफ सी विजय इस चुनाव में तमिलनाडु की राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं। विजय के फैन्स उन्हें विजय 'थलपति' के नाम से जानते हैं। मतगणना के बीच दोपहर 4:18 बजे तक के रुझानों ने संकेत दे दिया है कि राज्य में नया राजनीतिक अध्याय शुरू हो सकता है। विजय की पार्टी TVK की बढ़त ने पारंपरिक राजनीति को चुनौती दी है और अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अगर विजय सत्ता में आते हैं तो उनके वादे ज़मीन पर कैसे उतरेंगे और आम लोगों की जिंदगी में क्या बदलाव आएगा। आइये जानते हैं कि उनकी पार्टी ने राज्य के लोगों से क्या-क्या वादे किए हैं?



रुझानों में TVK सबसे आगे, बहुमत के करीब

भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक दोपहर 4:18 बजे तक TVK 108 सीटों पर आगे चल रही है। DMK 57 सीटों पर और ADMK 47 सीटों पर आगे है। INC 5 सीट पर, PMK 4 सीट पर, CPI 3 सीट पर और IUML 2 सीट पर आगे हैं। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है और TVK इस आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है।



महिलाओं के लिए बड़े वादे

विजय के घोषणापत्र में महिलाओं को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं।



  • 60 साल से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है।
  • शादी के लिए 8 ग्राम सोना देने का वादा किया गया है।
  • गरीब परिवारों की बेटियों को सोने के साथ रेशमी साड़ी भी दी जाएगी।
  • हर परिवार को साल में 6 मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया गया है।
  • इसके अलावा महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना भी शामिल है।

शिक्षा और बच्चों के लिए योजनाएं

  • स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को हर साल 15000 रुपये देने का वादा किया गया है।
  • के कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल खोले जाएंगे।
  • उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण देने की योजना भी शामिल है।
  • साथ ही एआई मंत्रालय, एआई विश्वविद्यालय और एआई सिटी बनाने की बात कही गई है।

किसानों और युवाओं के लिए राहत

  • 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों का पूरा कृषि ऋण माफ करने और उससे अधिक जमीन वाले किसानों का 50 प्रतिशत ऋण माफ करने का वादा किया गया है।
  • धान के लिए 3500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4500 रुपये प्रति टन न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की बात कही गई है।
  • युवाओं के लिए 5 लाख सरकारी नौकरियां और उतनी ही संख्या में इंटर्नशिप देने का वादा किया गया है।
  • बेरोजगार युवाओं को हर महीने 4000 रुपये तक की सहायता देने की घोषणा की गई है।

स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर फोकस

  • 25 लाख रुपये तक का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया गया है।
  • हर साल मुफ्त स्वास्थ्य जांच और अस्पतालों के आधुनिकीकरण की योजना है।
  • बुजुर्गों और दिव्यांगों को हर महीने 3000 रुपये पेंशन दी जाएगी।
  • 200 यूनिट मुफ्त बिजली और हर घर तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाने की भी बात कही गई है।

सरकारी सेवाएं घर तक पहुंचाने की योजना

  • सरकारी सेवाओं को तय समय सीमा में देने की कानूनी गारंटी दी जाएगी।
  • राशन जैसी सुविधाएं सीधे घर तक पहुंचाई जाएंगी।
  • व्यापार को आसान बनाने के लिए 21 दिनों के भीतर लाइसेंस जारी करने का वादा किया गया है।
  • साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन देने का भरोसा जताया गया है।
Tags:
  • Tamil Nadu elections 2026
  • Joseph C Vijay TVK
  • Vijay Thalapathy party
  • TVK lead Tamil Nadu
  • TVK near majority
  • Vijay manifesto promises
  • 8 gram gold scheme Tamil Nadu
  • 2500 monthly scheme women
  • free LPG cylinders Tamil Nadu
  • farmer loan waiver Tamil Nadu