करोड़ों हिन्दुओं की इच्छा कि अयोध्या में रामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो : भाजपा

Sanjay Srivastava | Dec 06, 2017, 16:58 IST
लखनऊ (भाषा)। भारतीय जनता पार्टी ने आज आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि राम जन्मभूमि का मसला लटका रहे हालांकि करोड़ों हिन्दुओं की इच्छा है कि अयोध्या में रामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने बातचीत के दौरान उच्चतम न्यायालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल द्वारा सुन्नी वक्फ बोर्ड के पक्ष में पैरवी करने पर कांग्रेस को आडे हाथों लिया। शुक्ला ने कहा, करोड़ों हिन्दू जनमानस की चाहत है कि रामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो और इस पर उच्चतम न्यायालय का निर्णय जल्दी आए, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने शीर्ष अदालत में सुनवाई को टालने के लिए जिस तरह दलील रखी। उससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस चाहती है कि रामजन्म भूमि का मसला लटका रहे। शुक्ला ने आरोप लगाया कि संप्रग शासनकाल में एनसीईआरटी की पुस्तकों में यह लिखवाया गया कि राम एवं कृष्ण काल्पनिक पात्र हैं, रामसेतु मसले पर संप्रग शासनकाल में उच्चतम न्यायालय में राम के अस्तित्व में ना होने का हलफनामा दिया गया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम को नकारने का काम कांग्रेस ने समय-समय पर किया है। गुजरात चुनाव में राहुल गांधी शिवभक्त हिन्दू होने का पाखण्ड कर रहे हैं, लेकिन फिर भी तुष्टिकरण की नीति से कांग्रेस पीछे हटने को तैयार नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का झण्डा लगाकर केरल में खुलेआम सड़कों पर गौकशी के पाप से कांग्रेस बच नहीं सकती है, कांग्रेस बहुसंख्यक समुदाय की भावनाओं को आहत करने से नहीं चूकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हिन्दू आतंकवाद और भगवा आतंकवाद के शब्द भी कांग्रेस की ही देन है, जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के सिद्धान्त पर चलकर तुष्टिकरण का पुरजोर विरोध करती है।

फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Tags:
  • कांग्रेस
  • congress
  • लखनऊ
  • lucknow
  • hindu
  • भारतीय जनता पार्टी
  • Ayodhya
  • अयोध्या
  • Bharatiya Janata Party
  • Ram temple
  • राम मंदिर
  • राम जन्मभूमि
  • हिन्दु
  • Ram Janma bhoomi‬‬

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.