यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने लोगों को किया सतर्क
देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 16 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब समेत 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि देश में इस समय मौसम का “डबल अटैक” देखने को मिल रहा है। एक तरफ कई राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
उत्तर प्रदेश में शाम से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 मई को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, मथुरा, कानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बलिया और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के मुताबिक कई जिलों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार-झारखंड में तेज तूफान और बारिश की चेतावनी
बिहार और झारखंड में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और अररिया समेत कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक हो सकती है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग और दुमका समेत कई जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में फिर बढ़ेगा तापमान
दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी के बाद लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब फिर गर्मी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि शनिवार शाम कुछ इलाकों में हल्के बादल और बूंदाबांदी हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा में आंधी और हीटवेव दोनों का असर
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, फाजिल्का और होशियारपुर जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही पंजाब में 16 से 20 मई तक हीटवेव को लेकर ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू का खतरा
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं मध्य प्रदेश में 16 से 18 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कर्नाटक में 16 और 17 मई को बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में कई जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं असम, मेघालय, सिक्किम और नागालैंड समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दी ये सलाह
IMD ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि तेज आंधी के दौरान लोग घरों में रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और खुले मैदानों में जाने से बचें। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।