मौसम ने बदली करवट! 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
देशभर में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और ओडिशा समेत 17 राज्यों के लिए नया मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में अभी जारी रहेगी लू
आईएमडी के अनुसार दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत एनसीआर क्षेत्र में 28 मई तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है। राजधानी दिल्ली में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि दिन के दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में 27 मई से बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में 27 मई से 31 मई के बीच मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बिहार में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार में 26 मई से 29 मई के बीच बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजस्थान में लू का कहर जारी
राजस्थान में 30 मई तक भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने 28 मई के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना भी जताई है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
झारखंड में भारी बारिश की संभावना
झारखंड में 26 मई से 31 मई के बीच कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में ओलावृष्टि का खतरा
उत्तराखंड में 28 से 31 मई के बीच बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। पहाड़ी जिलों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश
आईएमडी ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं, जिसकी वजह से कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
17 राज्यों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली समेत 17 राज्यों में अगले 8 घंटों के दौरान आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।