अरुणाचल के बाढ़ प्रभावित गाँवों में पहुँचे शिवराज सिंह, राहत कार्यों में बँटाया हाथ, पीड़ितों को नुकसान की भरपाई का दिया भरोसा

Gaon Connection | Jul 01, 2026, 17:48 IST
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित इलाक़ों का केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ हवाई और ज़मीनी दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाक़ात कर राहत का भरोसा दिया। सरकार ने घर, फसल और पशुधन के नुकसान का आकलन कर सहायता देने की बात कही। स्थानीय लोगों के सामुदायिक प्रयासों की भी सराहना की।

अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ से कई ज़िलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें, घर और खेती प्रभावित होने के बीच हालात का जायज़ा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में पहुँचे। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण के साथ ज़मीनी दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात कर उनकी समस्याएँ सुनीं।



दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से हुए हर नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा और जिन लोगों के घर, खेत, फसलें या पशुधन प्रभावित हुए हैं, उन्हें नियमानुसार सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटी हैं, ताकि प्रभावित इलाक़ों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जा सके।



पीड़ित परिवारों से मुलाक़ात, हरसंभव मदद का भरोसा


शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर ज़िले समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से गाँवों में पहुँचे और प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियाँ सुनीं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोग अकेले नहीं हैं और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने महिलाओं से भी बातचीत की और कहा कि दुख बाँटने से कम होता है तथा सरकार हर प्रभावित परिवार तक मदद पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन लोगों के घर बाढ़ में बह गए हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए नए मकानों की व्यवस्था की जाएगी। खेतों और फसलों को हुए नुकसान के साथ-साथ पशुधन की क्षति का भी आकलन कराया जाएगा और पात्र लोगों को मुआवज़ा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के तौर पर राशन और अन्य ज़रूरी सामग्री भी पहुँचाई जा रही है।



सामुदायिक प्रयासों की सराहना, राहत कार्य में खुद भी बँटाया हाथ

दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों की ओर से किए जा रहे सामुदायिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और नदी के पानी को दोबारा गाँव में घुसने से रोकने के लिए बनाई जा रही सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) के निर्माण कार्य में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने किसी औपचारिक स्वीकृति का इंतज़ार किए बिना अपने स्तर पर राहत और सुरक्षा के लिए काम शुरू किया, जो समाज की एकजुटता का प्रेरणादायक उदाहरण है।



उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुँचाने के निर्देश दिए हैं और केंद्र की टीमें लगातार राज्य प्रशासन के संपर्क में हैं। दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने ईटानगर स्थित लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से भी मुलाक़ात कर राहत कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के साझा प्रयासों से अरुणाचल प्रदेश जल्द ही इस आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति की ओर लौटेगा।

Tags:
  • Arunachal Flood
  • Shivraj Singh Chouhan
  • Kiren Rijiju
  • Pema Khandu
  • Flood Relief
  • Aerial Survey
  • Disaster Management
  • Rehabilitation
  • Flood Victims
  • Arunachal Pradesh