यूपी में 50 फीट ऊंची निर्माणाधीन टंकी पर चढ़ा सांड, नीचे गिरकर मौत; प्रशासन ने बैठाई जांच
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मुसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव में एक निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर एक सांड की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले में लापरवाही के आरोप लगाए जाने लगे।
करीब एक घंटे तक टंकी पर घूमता रहा सांड
ग्रामीणों के मुताबिक सांड किसी तरह करीब 50 फीट ऊंची निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया था। बताया जा रहा है कि वह करीब एक घंटे तक टंकी के ऊपर घूमता रहा, लेकिन बाद में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। जमीन पर गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
गांव निवासी ओमवीर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले तीन साल से अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि गांव प्रधान के भाई को सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर हर महीने 8 हजार रुपये दिए जाते हैं, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं आता। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण पानी की टंकी का गेट खुला रह गया, जिससे सांड अंदर पहुंच गया और यह हादसा हो गया।
जिला अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
मामले को लेकर जिला अधिकारी अवनीश कुमार राय ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की जा रही है। समिति यह पता लगाएगी कि निर्माण कार्य अब तक अधूरा क्यों पड़ा है और इस हादसे के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार है। जिला अधिकारी ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।