रानी लक्ष्मीबाई योजना को यूपी कैबिनेट की मंजूरी, टॉप 5% मेधावी छात्राओं को मिलेगी मुफ्त स्कूटी, जानें कौन होगा पात्र

Gaon Connection | Jul 21, 2026, 18:39 IST
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' के संचालन संबंधी एसओपी को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की टॉप 5% मेधावी और उत्तर प्रदेश की मूल निवासी छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल स्कूटी दी जाएगी। स्कूटी के साथ हेलमेट, बीमा, पंजीकरण, 4 लीटर पेट्रोल और आवश्यक एक्सेसरीज़ भी मिलेंगी। सरकार का उद्देश्य छात्राओं की उच्च शिक्षा तक पहुँच आसान बनाना, ड्रॉपआउट कम करना और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और कॉलेज छोड़ने की बढ़ती समस्या को कम करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' के संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों (एसओपी) को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत राज्य की मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें कॉलेज और विश्वविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके और उच्च शिक्षा जारी रखने में किसी तरह की बाधा न आए।



सरकार का मानना है कि परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने से खासकर ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों की छात्राओं की उच्च शिक्षा तक पहुँच आसान होगी। इससे न केवल छात्राओं का ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी और सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भी यह योजना अहम भूमिका निभाएगी।



स्नातक की टॉप 5% मेधावी छात्राओं को मिलेगा लाभ

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली उत्तर प्रदेश की मूल निवासी छात्राओं को मिलेगा। इसके लिए छात्रा का प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय या राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त अथवा स्ववित्तपोषित महाविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। पात्र छात्राओं का चयन स्नातक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं की मेरिट सूची से किया जाएगा। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न होने देना है।



स्कूटी के साथ हेलमेट, बीमा और 4 लीटर पेट्रोल भी मिलेगा

कैबिनेट के फैसले के अनुसार योजना के तहत पेट्रोल चालित स्कूटी दी जाएगी। सरकार ने यह निर्णय प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में पेट्रोल पंप तथा सर्विस सेंटर की बेहतर उपलब्धता को देखते हुए लिया है। स्कूटी की खरीद सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। छात्राओं को स्कूटी के साथ वाहन का पंजीकरण, व्यापक बीमा, आईएसआई मार्क वाला हेलमेट, 4 लीटर पेट्रोल और आवश्यक एक्सेसरीज़ भी उपलब्ध कराई जाएँगी, ताकि उन्हें किसी अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े।



बेटियों की उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर सरकार का ज़ोर

सरकार का कहना है कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का उद्देश्य केवल छात्राओं को वाहन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए बेहतर माहौल देना भी है। योजना के माध्यम से छात्राओं की शैक्षणिक संस्थानों तक नियमित पहुँच सुनिश्चित करने, उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ाने और पढ़ाई बीच में छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करने पर विशेष ज़ोर रहेगा।



सरकार का मानना है कि यह पहल महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ छात्राओं में आत्मविश्वास, स्वतंत्रता और गतिशीलता की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके ज़रिए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा तक पहुँचना पहले की तुलना में अधिक आसान होने की उम्मीद है।

Tags:
  • Rani Lakshmibai Scooty Yojana
  • UP Cabinet
  • Yogi Adityanath
  • Free Scooty Scheme
  • Uttar Pradesh Students
  • Meritorious Girls
  • Higher Education
  • Women Empowerment
  • GeM Portal
  • Uttar Pradesh Government