चारधाम यात्रा पर हैं तो रहें अलर्ट! 12 और 13 मई को ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को राज्य के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और खराब मौसम का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इस चेतावनी को देखते हुए, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी लेते रहें और अपनी यात्रा की योजना बहुत सावधानी से बनाएं। उन्होंने सलाह दी है कि यदि संभव हो तो
मौसम ठीक होने के बाद ही यात्रा करें
उत्तराखंड में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए राज्य के कई हिस्सों, खासतौर पर पहाड़ी जिलों में भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी को देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन की तरफ से चेतावनी
कमिश्नर ने कहा कि मौसम की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए श्रद्धालु केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा की योजना बेहद सावधानी से बनाएं। उन्होंने सलाह दी कि यदि संभव हो तो खराब मौसम के दौरान यात्रा टाल दें और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
उन्होंने यात्रियों से प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क बाधित होने और यात्रा मार्गों पर फिसलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
इन इलाकों में रहें सावधान
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। प्रशासन ने संबंधित जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
चारधाम यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देखें और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के साथ ही सफर करें। खराब मौसम के बीच जल्दबाजी करना जोखिम भरा हो सकता है।