दो हफ्तों में चौथी बार महंगी हुई CNG, ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी; जानें क्या बोले ऑटो चालक

Preeti Nahar | May 26, 2026, 11:49 IST
दिल्ली समेत कई शहरों में सीएनजी की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। 26 मई 2026 को दिल्ली में CNG ₹2 प्रति किलो महंगी होकर ₹83.09 प्रति किलो पहुंच गई। बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। ऑटो और टैक्सी चालकों का कहना है कि खर्च बढ़ता जा रहा है, लेकिन कमाई लगातार घट रही है। जानिए किस शहर में कितने की हो गई है CNG?
दिल्ली में सीएनजी के दाम बढ़े

CNG Price Hike 26 May 2026: महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब सीएनजी भी लगातार महंगी होती जा रही है। दिल्ली में मंगलवार, 26 मई 2026 को CNG के दाम में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई। नई कीमत लागू होने के बाद राजधानी में अब सीएनजी ₹83.09 प्रति किलो बिक रही है, जबकि सोमवार तक इसकी कीमत ₹81.09 प्रति किलो थी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर सबसे ज्यादा ऑटो, टैक्सी चालकों और रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ रहा है



लगातार चौथी बार बढ़े दाम

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार सुबह से नई दरें लागू कर दीं। इससे पहले भी बीते दिनों में कई चरणों में सीएनजी महंगी की जा चुकी है। मई महीने में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।



दिल्ली में नई कीमत क्या हुई?

नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत ₹83.09 प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे NCR शहरों में भी दाम बढ़ाए गए हैं।



किस शहर में कितनी हुई CNG?



शहरCNG कीमत (प्रति किलो)
दिल्ली (Delhi)₹83.09
नोएडा (Noida)₹91.70
गुरुग्राम (Gurugram)₹84.12
गाजियाबाद (Ghaziabad)₹102.90
फरीदाबाद (Faridabad)₹90.30
मुंबई (Mumbai)₹81.00
कोलकाता (Kolkata)₹93.50
चेन्नई (Chennai)₹91.50
बेंगलुरु (Bangalore)₹90.00
हैदराबाद (Hyderabad)₹97.00
अहमदाबाद (Ahmedabad)₹82.25
पुणे (Pune)₹92.50
सोनीपत (Sonipat)₹86.60
करनाल (Karnal)₹85.43
लखनऊ (Lucknow)₹95.75
आगरा (Agra)₹95.75
मेरठ (Meerut)₹86.05
पटना (Patna)₹87.90
इंदौर (Indore)₹93.55
जयपुर (Jaipur)₹90.91
सूरत (Surat)₹82.95

क्यों बढ़ रहे हैं CNG के दाम?

विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल व गैस की कीमतों में तेजी इसका बड़ा कारण है। ईरान और आसपास के क्षेत्र में भू-राजनीतिक हालात बिगड़ने से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बना हुआ है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ता है।



आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?

सीएनजी महंगी होने से सबसे ज्यादा असर ऑटो चालकों, कैब ड्राइवरों और रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों पर पड़ेगा। परिवहन लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में किराया भी बढ़ सकता है। इसके अलावा सामान ढुलाई महंगी होने से रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका है।



सीएनजी महंगी होने से ऑटो चालकों की बढ़ीं मुश्किलें

दिल्ली के गोल मार्केट स्थित सीएनजी पंप पर ऑटो और टैक्सी चालकों ने बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी जताई। ऑटो चालक रवि ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और सीएनजी के दामों ने उनका कामकाज बुरी तरह प्रभावित किया है। उनका कहना है कि अब लोगों ने ऑटो में सफर करना भी कम कर दिया है, जिससे आमदनी लगातार घट रही है।



रवि ने बताया, “हम मेहनत तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन अब गाड़ी चलाकर कमाई करना मुश्किल हो गया है। रोज़ाना ऑटो चलाने में करीब ₹500 का खर्च आता है, जिसमें सिर्फ गैस पर ही ₹300-400 तक खर्च हो जाते हैं। पहले जितनी सवारी मिलती थी, अब उतनी नहीं मिलती। आज के समय में ₹700-1000 कमाना भी मुश्किल हो गया है। सरकार को खाने-पीने की चीजों और ईंधन की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए।”



वहीं एक अन्य ऑटो चालक राजेश ने भी बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सीएनजी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन काम कम होता जा रहा है। इसका सीधा असर ड्राइवरों की रोज़मर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।



राजेश ने कहा, “ऑटो और टैक्सी चलाने वालों की हालत बहुत खराब हो गई है। सवारी कम है और खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। महंगाई की वजह से घर चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार को सीएनजी और गैस की कीमतों पर राहत देने के बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए।”



पेट्रोल-डीजल भी हुए महंगे

सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीते कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम कई बार बढ़ चुके हैं, जिससे महंगाई का दबाव और बढ़ गया है।

Tags:
  • CNG price hike 26 May 2026
  • Delhi CNG price today
  • CNG price increased by Rs 2
  • Delhi CNG latest rate
  • CNG rate in Delhi NCR
  • CNG price today in India
  • latest CNG prices city wise
  • CNG rate hike news Hindi
  • petrol diesel and CNG price increase