मानसून की एंट्री का काउंटडाउन शुरू, मौसम विभाग का बड़ा संकेत, इन राज्यों में पहले पहुँचेगी बारिश

Preeti Nahar | May 12, 2026, 18:10 IST
देशभर में मानसून का इंतजार है पर राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में लू का असर बना रहेगा। कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। लोगों को गर्मी से बचाव की सलाह दी गई है।

देशभर में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत खासकर राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कुछ उत्तरी जिलों में हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली है। दूसरी ओर, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।



मानसून को लेकर क्या है ताजा अपडेट?

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल होती जा रही हैं। अनुमान है कि मानसून इस सप्ताह के अंत तक अंडमान सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके साथ ही समुद्री हवाओं और नमी में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो मानसून की सक्रियता का बड़ा संकेत माना जाता है।



मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून फिलहाल सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बढ़ रही है।



हर साल की तरह इस बार भी मानसून देश की खेती, जल भंडारण और बिजली मांग के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। किसान भी मानसून की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई काफी हद तक बारिश पर निर्भर करती है।



हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत, खासकर राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अभी भी भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के आगे बढ़ने के बाद ही इन राज्यों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।



राजस्थान में बारिश भी, लू भी

जयपुर मौसम केंद्र के वैज्ञानिक हिमांशु शर्मा के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हनुमानगढ़ और अलवर समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। बीकानेर संभाग में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुँच गया है, जबकि बाड़मेर में सबसे ज्यादा 47.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। चित्तौड़गढ़ में भी पारा 44.2°C तक पहुँच गया।



अगले 3-4 दिन भारी पड़ सकते हैं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 से 4 दिनों तक राजस्थान में लू का असर बना रहेगा। खासकर बीकानेर और जोधपुर संभाग में गंभीर हीटवेव की संभावना जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान में दिन के साथ रातें भी गर्म रहने वाली हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। IMD के अनुसार, 12 से 18 मई तक पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में भीषण लू चल सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर बना रहेगा।



इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

जहाँ राजस्थान गर्मी से झुलस रहा है, वहीं देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। IMD ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत में 13 से 18 मई के बीच कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।



लोगों के लिए क्या सलाह?

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और जरूरी न हो तो बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि-



  • ORS, नींबू पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थ लेते रहें
  • खाली पेट धूप में बाहर न निकलें
  • सिर और शरीर को ढककर रखें
  • लंबे समय तक धूप में काम करने से बचें

किसानों के लिए भी चेतावनी

मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। राजस्थान और गुजरात में सब्जियों और फलों की फसलों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है। वहीं तेज हवाओं और आंधी को देखते हुए फसलों और पेड़ों को सहारा देने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर, देश में एक तरफ मानसून की दस्तक का इंतजार है, तो दूसरी ओर कई राज्यों में गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं।

Tags:
  • Monsoon Update
  • मानसून अपडेट
  • Weather Alert
  • मौसम अलर्ट
  • Rainfall Forecast
  • monsoon rainfall prediction
  • heatwave and monsoon update
  • भारत में मानसून कब आएगा
  • मानसून 2026 latest news
  • cyclone and monsoon update