14 जून को यहाँ खुलेगा देश का मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र, किसानों को मिलेगी ट्रेनिंग, सीखेंगे आधुनिक खेती के नए तरीके
Vidisha Krishi Vigyan Kendra: किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और खेती को ज्यादा लाभकारी बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 14 जून को विदिशा जिले के बेरखेड़ी जट्टू में मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का शिलान्यास किया जाएगा। इस केंद्र को देश के एक मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ किसानों को वैज्ञानिक खेती, नई तकनीक और बेहतर कृषि प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जाएगी।
केंद्रिय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस कार्यक्रम को किसानों के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह केंद्र खेती को नई दिशा देने का काम करेगा।
विदिशा समेत चार जिलों के लिए तैयार होगा कृषि रोडमैप
14 जून को होने वाले इस कार्यक्रम में सिर्फ कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास ही नहीं होगा, बल्कि विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिलों के लिए तैयार किए गए वैज्ञानिक कृषि रोडमैप को भी लागू करने की शुरुआत की जाएगी।
इस रोडमैप का उद्देश्य किसानों को क्षेत्र की मिट्टी, मौसम और पानी की उपलब्धता के हिसाब से खेती की सही तकनीक उपलब्ध कराना है, ताकि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ खेती की लागत को भी कम किया जा सके।
मॉडल KVK में किसानों को क्या मिलेगा?
मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को खेती से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां और प्रशिक्षण दिए जाएंगे। यहाँ किसान वैज्ञानिकों से सीधे जुड़कर अपनी खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे। केंद्र में किसानों को
- उन्नत बीजों का चयन
- आधुनिक कृषि यंत्रों का इस्तेमाल
- नई फसल बुवाई तकनीक
- जैविक खेती के तरीके
- फसल प्रबंधन
- कीट और रोग नियंत्रण
- मौसम आधारित खेती की सलाह
‘खेत बचाओ अभियान’ भी होगा शुरू
कार्यक्रम के दौरान ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत भी की जाएगी। इसके तहत किसानों को नकली खाद और बीज की पहचान करने, उनसे बचने और गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री खरीदने के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा कार्यक्रम में कृषि मशीनों का प्रदर्शन, विभिन्न कृषि स्टॉल और लाइव डेमो भी लगाए जाएंगे, जहां किसान नई तकनीकों को करीब से देख और समझ सकेंगे।
खेती को तकनीक से जोड़ने की तैयारी
बदलते मौसम, बढ़ती लागत और बाजार की चुनौतियों के बीच किसानों के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाना जरूरी हो गया है। मॉडल KVK जैसे केंद्र किसानों को खेत की वास्तविक स्थिति के अनुसार सलाह देने में मदद करेंगे।
इस केंद्र के जरिए किसानों को सिर्फ उत्पादन बढ़ाने की जानकारी नहीं मिलेगी, बल्कि खेती को टिकाऊ और ज्यादा मुनाफे वाली बनाने के तरीके भी सिखाए जाएंगे।
आसपास के जिलों के किसानों को भी मिलेगा लाभ
विदिशा में बनने वाला यह मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं रहेगा। आसपास के जिलों के किसान भी यहाँ से प्रशिक्षण और विशेषज्ञ सलाह ले सकेंगे। इससे क्षेत्र में नई तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
14 जून को विदिशा में मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र की शुरुआत किसानों के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगी। वैज्ञानिक सलाह, आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण के जरिए यह केंद्र किसानों को बदलते समय के अनुसार खेती करने में मदद करेगा।