Crop Insurance: बारिश से फसल नुकसान पर सख्त हुए सीएम योगी, तुरंत सर्वे और मुआवजे के दिए निर्देश
प्रदेश में हुई असमय बारिश के बाद किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लें और नुकसान का त्वरित आकलन कर किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी स्थिति में उन्हें असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बीमा कंपनियों को सर्वे कराने के आदेश
सीएम योगी ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त रूप से सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि फसल नुकसान का सही आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि सर्वे की रिपोर्ट तुरंत शासन तक पहुँचाई जाए, जिससे राहत कार्यों में देरी न हो और प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिल सके। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे खुद फील्ड में जाकर स्थिति की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि वास्तविक नुकसान का सही आंकलन हो।
यह भी पढ़ें- Crop Insurance : UP में बेमौसम बारिश से फसलों का नुकसान, बीमा कंपनियों को 31 मार्च तक सर्वे पूरा करने का निर्देश
फील्ड से हो सही मॉनीटरिंग
मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव कृषि और राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया है कि वे फील्ड स्तर पर लगातार संपर्क बनाए रखें और सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर सरकार तक पहुँचाएं। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ का फसल बीमा मुआवजा, दुर्घटना पीड़ितों को 175 करोड़ की सहायता मिली
तुरंत मिले मुआवजा
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे ही नुकसान का आकलन पूरा हो, मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाए। उन्होंने भुगतान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति पर ज्यादा असर न पड़े।