महंगाई का तगड़ा झटका! पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम बढ़े, जानें आपके इलाके में कितनी हुई नई कीमतें
देश में महंगाई के बीच अब ईंधन की कीमतों ने आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। पेट्रोल, डीजल और CNG महंगी हो गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार (15 मई) को पेट्रोल और डीजल के दाम में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। वहीं कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत ₹2 प्रति किलो बढ़ गईं। ईंधन कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब ईरान संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास पैदा हुए संकट से वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उथल-पुथल मची हुई है। इसका असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में आने वाले दिनों में ऑटो, टैक्सी, बस किराया, माल ढुलाई और रोजमर्रा के सामान की कीमतों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
पेट्रोल-डीजल महंगे
सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। करीब चार साल बाद तेल कंपनियों ने ईंधन कीमतों में बड़ा संशोधन किया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अप्रैल 2022 के बाद लंबे समय तक कीमतों को स्थिर रखा था।
कहां कितने में मिल रहा पेट्रोल
| शहर | पेट्रोल की नई कीमत (रुपये/लीटर) | बढ़ोतरी |
|---|---|---|
| नई दिल्ली | ₹97.77 | +₹3.00 |
| कोलकाता | ₹108.74 | +₹3.29 |
| मुंबई | ₹106.64 | +₹3.10 |
| चेन्नई | ₹103.90 | +₹3.10 |
| गुरुग्राम | ₹98.29 | +₹2.99 |
| नोएडा | ₹98.04 | +₹3.30 |
| बेंगलुरु | ₹106.17 | +₹3.21 |
| भुवनेश्वर | ₹104.57 | +₹3.60 |
| चंडीगढ़ | ₹97.27 | +₹2.97 |
| हैदराबाद | ₹110.89 | +₹3.39 |
| जयपुर | ₹108.19 | +₹3.16 |
| लखनऊ | ₹97.58 | +₹2.85 |
| पटना | ₹108.55 | +₹3.01 |
| तिरुवनंतपुरम | ₹110.75 | — |
कहां कितने में मिल रहा डीजल
| शहर | डीजल की नई कीमत (रुपये/लीटर) | बढ़ोतरी |
|---|---|---|
| नई दिल्ली | ₹90.67 | +₹3.00 |
| कोलकाता | ₹95.13 | +₹3.11 |
| मुंबई | ₹93.14 | +₹3.11 |
| चेन्नई | ₹95.47 | +₹3.08 |
| गुरुग्राम | ₹90.77 | +₹3.00 |
| नोएडा | ₹91.31 | +₹3.50 |
| बेंगलुरु | ₹94.10 | +₹3.11 |
| भुवनेश्वर | ₹96.11 | +₹3.56 |
| चंडीगढ़ | ₹85.25 | +₹2.80 |
| हैदराबाद | ₹98.96 | +₹3.26 |
| जयपुर | ₹93.43 | +₹2.94 |
| लखनऊ | ₹90.87 | +₹3.01 |
| पटना | ₹94.63 | +₹2. |
CNG की नई कीमतें
राजधानी दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत ₹2 प्रति किलो बढ़ाकर ₹79.09 प्रति किलो कर दी गई है। इससे पहले इसकी कीमत ₹77.09 प्रति किलो थी। वहीं मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में भी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ाकर ₹84 प्रति किलो कर दिए हैं।
मिडिल ईस्ट तनाव से बढ़ा संकट
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तेल सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है। यही दुनिया के सबसे अहम तेल आपूर्ति मार्गों में से एक माना जाता है। पिछले कुछ हफ्तों में कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थीं, हालांकि बाद में इनमें कुछ नरमी आई और कीमतें करीब 100 से 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचीं। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक बाजार में होने वाली हर हलचल का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है।
ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ने के संकेत
CNG महंगी होने का सीधा असर सार्वजनिक परिवहन पर पड़ सकता है। देश के कई शहरों में ऑटो, टैक्सी और छोटे कमर्शियल वाहन CNG पर चलते हैं। ऐसे में किराए बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है। मुंबई में CNG कीमत बढ़ने के बाद ऑटो रिक्शा यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग भी शुरू कर दी है। यूनियनें ₹26 के बेस किराए में ₹1 की बढ़ोतरी की मांग कर रही हैं। यदि ऐसा होता है तो रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।