Weather Update 21 April: उफ्फ़ ये गर्मी! उत्तर भारत में लू का सितम जारी, पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
21 अप्रैल का मौसम देशभर में दो अलग-अलग तस्वीरें दिखा रहा है। एक तरफ दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ असम और महाराष्ट्र समेत कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2-3 दिनों में गर्मी और तेज होगी, जबकि कुछ राज्यों में मौसम अचानक पलट सकता है।
दिल्ली-एनसीआर: 42°C तक पहुंचेगा पारा, लू का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 22 अप्रैल से हीटवेव का असर और तेज होगा, जब तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। 23 और 24 अप्रैल को भी राहत के आसार नहीं हैं। खास बात यह है कि 24 अप्रैल को नमी 70 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को और परेशान करेगी।
उत्तर प्रदेश और झारखंड: लू और गर्म रातों से बढ़ी चिंता
उत्तर प्रदेश के 26 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने वाली हैं। वहीं झारखंड में भी भीषण गर्मी के चलते सरकार ने स्कूलों का समय बदल दिया है। अब कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर तक चलेंगी, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।
मध्य प्रदेश: तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत
मध्य प्रदेश में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। भोपाल में दिन का तापमान करीब 39 डिग्री और रात का तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ने की संभावना है। हालांकि आंशिक बादल और हल्की बारिश के आसार भी बने हुए हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।
तमिलनाडु: भीषण गर्मी के साथ छिटपुट बारिश
तमिलनाडु के आंतरिक जिलों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी घाट और तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में मौसम थोड़ा राहत दे सकता है।
महाराष्ट्र: आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 21 और 22 अप्रैल के बीच पश्चिम महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और खानदेश के कई इलाकों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। पुणे, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर जैसे क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की जा सकती है।
असम: 2-3 दिन भारी बारिश, तेज हवाओं की चेतावनी
असम में अगले 2-3 दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कुल मिलाकर हालात क्या हैं?
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह उलट नजर आ रहा है। जहां उत्तर और मध्य भारत में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर और पश्चिम के कुछ हिस्सों में बारिश राहत लेकर आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी वाले इलाकों में दोपहर में बाहर निकलने से बचें और बारिश वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।