Rain in UP: “बेमौसम बारिश पर CM योगी की हाई लेवल मीटिंग, अफसरों को फील्ड में उतरने का आदेश”
Unseasonal Rain: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलों में हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता को समझते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है और उन्हें स्वयं किसानों के पास जाकर राहत पहुँचाने का आदेश दिया है। फसलों के नुकसान का आकलन कर समय पर मुआवजा दिलाने और आपदा के असर को कम करने के निर्देश दिए गए हैं। जनहानि, पशुहानि और घायलों को भी निश्चित समय में मुआवजा दिया जाएगा, जिसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को अलर्ट रहने का आदेश
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी को फसल नुकसान का तुरंत संयुक्त सर्वे कराने और शासन को अवगत कराने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों को जल्दी मुआवजा मिल सके। सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में रहकर वस्तुस्थिति का जायजा लेने और फसलों के नुकसान का सही आकलन करने को कहा गया है, ताकि किसानों को समय पर मदद मिल सके। प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को फील्ड में काम कर रहे अधिकारियों से सीधे संपर्क करने और तालमेल बिठाने का निर्देश दिया गया है। सभी जानकारी समय पर इकट्ठा करके शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत कार्य भी समय पर हो सकें।
मौसम विभाग का अपडेट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए एक के बाद एक अलर्ट जारी किए हैं। लखनऊ के मौसम विभाग की तरफ से जानकारी दी गई है कि 8 अप्रैल, बुधवार को प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार शाम से ही नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और लखनऊ सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो रही है, जिससे रात में मौसम ठंडा हो गया है।
किसानों के साथ सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में मौसम खराब है, ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी लगातार किसानों के संपर्क में रहें। बेमौसम बारिश ने किसानों की नींद उड़ा दी है, लेकिन सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। सीएम योगी ने मंगलवार शाम को हुई असमय बारिश से किसानों को हो रही परेशानी के बारे में जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी खुद किसानों के पास जाएं और अपने मातहतों को भी फील्ड में सक्रिय रखें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फसलों के नुकसान का आकलन कराएं और समय पर मुआवजा दिलाएं। हर हाल में यह कोशिश करें कि आपदा का किसानों पर असर कम से कम हो। उन्होंने कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और प्रभावितों को निश्चित समय में मुआवजा देना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को तुरंत मुआवजा दिया जाएगा।