FSSAI New Rule 2026: फूड पैकेट, केक और मिठाई की पैकिंग में स्टेपल पिन पर रोक, जानें क्यों बदले गए नियम
Metallic Pin Ban Food Packaging: बाजार से खाने-पीने की चीजों के पैकेट्स पर अधिकतर स्टैपलर के पिन्स या तार का इस्तेमाल किया जाता है, पैकेट्स को सील करने के लिए। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। फूड पैकेजिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।
FSSAI ने कहा कि खाद्य उत्पादों और उनकी पैकेजिंग में धातु के पिन, स्टेपल पिन और तार (Metallic Pins/Wires) के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगे। फूड पैकेजिंग के ये तरीके कस्टमर की सेहल के साथ खिलवाड़ करने जैसे थे।
खाने में पिन मिलने की शिकायतों के बाद लिया फैसला-FSSAI के मुताबिक, कई मामलों में केक, मिठाई के डिब्बे, स्नैक्स पैकेट और दूसरे खाद्य पैकेज में धातु के पिन या तार पाए गए हैं। ऐसे पिन गलती से खाने के साथ शरीर में पहुंच सकते हैं, जिससे मुंह, गले या पेट में चोट लगने का खतरा रहता है।
इसी खतरे को देखते हुए FSSAI ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों (FBOs) को निर्देश दिया है कि वे खाने की चीजों को बंद करने, पैक करने या सजाने के लिए किसी भी तरह के धातु के पिन या तार का इस्तेमाल तुरंत बंद करें।
किन चीजों की पैकिंग में नहीं लगेंगे पिन?
नए निर्देश के बाद इन चीजों की पैकिंग में स्टेपल पिन या धातु के तार का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा:
- केक बॉक्स
- मिठाई के डिब्बे
- स्नैक्स पैकेट
- टेक-अवे फूड पैकेट
- बेकरी प्रोडक्ट की पैकिंग
- अन्य खाद्य सामग्री के पैकेट
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
FSSAI ने साफ कहा है कि अगर कोई फूड कारोबारी इस नियम का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
कारोबारियों को क्या करना होगा?
अब दुकानदारों, बेकरी संचालकों और फूड कंपनियों को पैकिंग के लिए सुरक्षित तरीकों का इस्तेमाल करना होगा। पैकेट बंद करने के लिए ऐसी सामग्री का उपयोग करना होगा जिससे ग्राहक की सुरक्षा पर कोई खतरा न हो।
ग्राहकों के लिए क्यों जरूरी है यह फैसला?
अक्सर मिठाई के डिब्बे, केक बॉक्स या छोटे स्नैक्स पैकेट को जल्दी बंद करने के लिए स्टेपल पिन का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन कई बार ये पिन टूटकर खाने में गिर सकते हैं। FSSAI का यह कदम ऐसी घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है।