यूपी में फिर बढ़ेगी गर्मी, बारिश के बीच 8 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा, जानें कब होगी बारिश

Gaon Connection | May 11, 2026, 12:05 IST
Image credit : Gaon Connection Network
उत्तर प्रदेश में मौसम करवट ले रहा है। 12 से 15 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रयागराज सबसे गर्म रहा।

उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा है। कहीं तेज हवाएं चलीं तो कहीं हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से राहत दी। हालांकि अब मौसम धीरे-धीरे फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 11 मई, सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और स्थिर रहेगा लेकिन इसके बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से 12 से 15 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।



अभी लू जैसी स्थिति नहीं

रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि अभी लू जैसी स्थिति नहीं बनी है और कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार से अगले तीन-चार दिनों तक तराई क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रह सकता है। बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।



प्रयागराज रहा सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 39 डिग्री के पार

रविवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि वाराणसी और आगरा में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हमीरपुर में 26.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को एक बार फिर गर्मी का असर महसूस होने लगेगा।



राजधानी लखनऊ में अब खिलकर निकलेगी धूप

राजधानी लखनऊ में भी बीते कुछ दिनों से मौसम का उतार-चढ़ाव जारी था। तेज हवाओं और हल्की बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई थी और लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम साफ होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से राजधानी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तेज धूप निकलने के साथ तापमान लगातार बढ़ेगा। रविवार को सुबह से ही धूप तेज रही और दिनभर गर्माहट महसूस की गई। बीते गुरुवार से रविवार तक अधिकतम तापमान में करीब 5.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।



वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले एक सप्ताह में राजधानी के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को दोबारा तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिसमें 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Tags:
  • UP Weather Update
  • Uttar Pradesh weather
  • Lucknow weather
  • IMD forecast
  • यूपी मौसम समाचार
  • यूपी में गर्मी
  • लखनऊ मौसम
  • मौसम विभाग अपडेट
  • बारिश का अलर्ट
  • तापमान बढ़ेगा