Heatwave Alert: स्कूलों में पानी पीने के लिए छात्रों को मिलेगा रिमाइंडर, हर 45–60 मिनट पर बजेगी Water Bell, नई गाइडलाइन जारी

Apr 22, 2026, 15:36 IST
दिल्ली में गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। जिसमें बताया गया है कि अब हर 45 से 60 मिनट में पानी पीने के लिए घंटी बजेगी। स्कूलों में प्रार्थना सभाएं छायादार जगहों पर होंगी और खुले मैदान में कक्षाएं नहीं लगेंगी। बच्चों को तेज धूप से बचाने के लिए आउटडोर खेलकूद भी सीमित किए जाएंगे।

दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने राजधानी के सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को निर्देश दिया है कि छात्रों को हर 45 से 60 मिनट में पानी पीने की याद दिलाने के लिए घंटी बजाई जाए। इसका उद्देश्य बच्चों को डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाना है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हीटवेव की चेतावनी दी है।



दिल्ली में 43 डिग्री तक पहुँच सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे धूप और गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा। शहर के कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। अगले दो दिनों तक भी ऐसे ही मौसम के हालात बने रहने का अनुमान है।



"वॉटर बेल" प्रणाली लागू

नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में हर 45 से 60 मिनट पर एक विशेष घंटी बजेगी, जिसे "वॉटर बेल" नाम दिया गया है। घंटी बजते ही छात्रों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि शरीर में पानी की कमी न हो और बच्चे गर्मी के असर से सुरक्षित रहें।



साथ ही शिक्षा विभाग ने कहा है कि स्कूलों में खुली जगह पर होने वाली प्रार्थना सभाओं को कम किया जाए या उन्हें छायादार अथवा इनडोर स्थानों पर आयोजित किया जाए। साथ ही खुले मैदान में कक्षाएं लगाने से भी मना किया गया है। बच्चों को तेज धूप से बचाने के लिए आउटडोर खेलकूद गतिविधियों को भी सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं।



छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

सभी छात्रों को स्कूल आते समय पर्याप्त मात्रा में पानी साथ लाने को कहा गया है। स्कूलों को भी परिसर में कई स्थानों पर ठंडे और सुरक्षित पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



"बडी सिस्टम" से रखी जाएगी निगरानी- स्कूलों में "बडी सिस्टम" भी लागू किया जाएगा। इसके तहत हर छात्र को एक साथी छात्र के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि दोनों एक-दूसरे की तबीयत पर नजर रख सकें। अगर किसी बच्चे को कमजोरी, चक्कर या असहज महसूस हो तो तुरंत शिक्षक को सूचना दी जा सके।



अभिभावकों को भी दी गई सलाह-शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से कहा है कि वे बच्चों को हल्के, सूती और आरामदायक कपड़ों में स्कूल भेजें। साथ ही बच्चों को रोजाना नहाने और साफ-सफाई बनाए रखने की आदत डालें।



स्कूलों में जागरूकता अभियान- कक्षा शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौसम विभाग (IMD) की चेतावनियां और हीटवेव संबंधी जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाएं। स्कूलों में नोटिस बोर्ड, कक्षाओं और गलियारों में गर्मी से बचाव संबंधी पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।



नोडल शिक्षक की होगी नियुक्ति

हर स्कूल में एक नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो "वॉटर बेल" प्रणाली, जागरूकता कार्यक्रम और सुरक्षा उपायों की निगरानी करेगा।जिस तरीके से देश भर के साथ ही दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में हीटवेव की आशंका जताई गई है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा सके।

Tags:
  • हीटवेव दिल्ली
  • School Guidelines Heatwave
  • स्कूलों में वॉटर बेल
  • Water Bell School
  • Delhi Schools to Ring 'Water Bell' Every Hour
  • Yellow Alert Issued for Heatwave in Delhi
  • Heatwave Delhi
  • दिल्ली के स्कूलों में हर घंटे बजेगी 'वॉटर बेल'
  • stay hydrated in schools