Weather Update: कहीं लू का कहर तो कहीं बारिश-आँधी की चेतावनी, जानिए आज का मौमस कैसा रहेगा?
देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जबकि पूर्वोत्तर, पहाड़ी और कुछ दक्षिणी राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत में बढ़ेगी गर्मी, तापमान चढ़ेगा
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 से 26 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है। कई इलाकों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर में 24 और 25 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी-बिहार में सतर्क रहने की जरूरत
उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में 22 से 26 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी है। लखनऊ समेत कई शहरों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। बिहार और झारखंड में भी लू का असर रहेगा, हालांकि 24 अप्रैल के बाद कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश राहत दे सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश और तूफान
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 28 अप्रैल के बीच तेज बारिश, बिजली गिरने और 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 25 से 28 अप्रैल के बीच बारिश, बर्फबारी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इससे मैदानी इलाकों की गर्मी में कुछ राहत मिल सकती है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी असर
केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है।
लोगों के लिए सलाह
दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
ज्यादा पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखें
राहत कब मिलेगी?
IMD के अनुसार 26 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है और बारिश से राहत मिल सकती है।